झांसी: किसानों को मुआवजा नहीं देने पर एचडीएफसी बैंक की कृषि ऋण शाखा सील
झांसी में तहसील प्रशासन ने एचडीएफसी बैंक की कृषि ऋण शाखा पर कार्रवाई की है। शाखा को प्रशासन ने सील कर दिया है। मामला किसान फसल बीमा के भुगतान से जुड़ा बताया जा रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत जिले के किसानों को साढ़े 14 लाख रुपये का भुगतान नहीं करने पर तहसील प्रशासन ने डमरू सिनेमा के पास स्थित एचडीएफसी बैंक की कृषि ऋण शाखा को सील कर दिया। कार्रवाई को लेकर बैंक में हड़कंप मच गया।
वर्ष 2020 में बारिश से जिले के तमाम किसानों की फसल बर्बाद हुईं थीं, जिसका आंकलन जिला प्रशासन द्वारा कराया गया था। किसानों की फसलों का बीमा होने के कारण एचडीएफसी बैंक की कृषि ऋण शाखा को आंकलन की सूची को मुहैया कराने के साथ ही किसानों को मुआवजे की धनराशि के रूप में लगभग साढ़े 14 लाख रुपये अदा करने का आदेश जारी किया गया था। लेकिन बैंक ने किसानों को भुगतान की धनराशि अदा नहीं की।
तहसील प्रशासन के नोटिस को भी किया नजरंदाज
जिला प्रशासन ने भी बैंक को पत्र लिखकर भुगतान करने के आदेश दिए थे। इसके बाद जिला प्रशासन ने तहसील को वसूली करने के आदेश जारी करते हुए बैंक की आरसी जारी की। तहसील प्रशासन ने भी बैंक प्रबंधन को 27 अक्तूबर को नोटिस जारी किया था। मगर बैंक ने इसका कोई जवाब नहीं दिया। इसे लेकर मंगलवार को तहसील की टीम ने डमरू सिनेमा के पास स्थित बैंक की कृषि ऋण शाखा को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान बैंक में हड़कंप की स्थिति बनी रही। बता दें कि एचडीएफसी बैंक में प्रथम तल पर कृषि ऋण शाखा है। जबकि भूतल पर बैंक शाखा संचालित होती है।
तहसीलदार मदन मोहन गुप्ता ने बताया कि प्रशासन द्वारा तहसील को रिकवरी के आदेश जारी किए थे, जिसके तहत बैंक प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया था। नोटिस की अनदेखी करने पर एचडीएफसी बैंक की कृषि ऋण शाखा को सील कर दिया गया है।
हमारे संस्थान की कृषि ऋण शाखा सील की गई। इंश्योरेंस कंपनी और बैंक के बीच तालमेल नहीं होने कारण समस्या पैदा हुई है। दो से तीन दिन के भीतर ही समस्या का निदान होगा। इस दौरान ग्राहकों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होगी।
- संजय ओझा, रीजनल हैड, कॉरपोरेट कम्युनिकेशन, एचडीएफसी