बड़ागांव थाना और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई में चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनके दो साथी भागने में सफल रहे। पकड़े गए बदमाशों के पास से 13 चोरी की मोेटर साइकिल, गांजा व तमंचे बरामद किए गए। बदमाशों पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। मंगलवार को एसओजी टीम व बड़ागांव थाना पुलिस संयुक्त रूप से गढ़मऊ गांव के बाहर पालर वाले रास्ते पर चेकिंग कर रहीं थीं। तभी तीन मोटर साइकिलों पर सवार होकर आ रहे छह युवक पुलिस को देख वापस लौटने लगे। संदेह होने पर पुलिस ने पीछा कर दो मोटर साइकिलों पर सवार चार युवकों को पकड़ लिया, जबकि उनके दो साथी भागने में सफल रहे। जांच में पता चला कि चारों शातिर बदमाश हैं और चोरी की मोटर साइकिलें बेचने जा रहे थे। उनकी निशानदेही पर सिंचाई विभाग के खंडहर के पास 11 मोटर साइकिलें और बरामद की गईं, जिनको बेचने के लिए छुपाया गया था। बदमाशों के पास से दो तमंचे, कारतूस, दो छुरी व दो चोरी के मोबाइल बरामद किए गए। पकड़े गए आरोपियों के नाम चिरगांव के पचार गांव निवासी अनिकेत यादव, मोंठ थाना क्षेत्र के बरथरी गांव निवासी आशीष यादव, कोतवाली क्षेत्र के देवलाल चौबे का अखाड़ा निवासी गोलू कुशवाहा, नवाबाद थाना क्षेत्र के शिवाजी नगर निवासी रानू कुशवाहा है। भागे बदमाशों के नाम मोंठ थाना क्षेत्र के पथर्रा गांव निवासी कपिल यादव व अंकित यादव हैं। मंगलवार को इस मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी डी प्रदीप कुमार ने बताया कि अनिकेत व आशीष पर नौ- नौ, रानू व गोलू पर दो- दो आपराधिक मामले अलग- अलग थानों में दर्ज हैं।