बुंदेलखंड एक्सप्रेस की चपेट में आई एसयूवी, ड्राइवर सुरक्षित कार हुई टुकड़े-टुकड़े
ग्वालियर से प्रयागराज जा रही बुंदेलखंड एक्सप्रेस बृहस्पतिवार की रात करीब एक बजे सड़क पार कर रही एसयूवी से टकरा गई। हादसा झांसी रेल मंडल के मगरपुर रेलवे स्टेशन के पास हुआ। हालांकि, ट्रेन आने से चंद पल पहले ही चालक गाड़ी से उतर गया था।
विस्तार
झांसी। ग्वालियर से प्रयागराज जा रही बुंदेलखंड एक्सप्रेस बृहस्पतिवार की रात करीब एक बजे झांसी मंडल के मगरवारा रेलवे स्टेशन के पास पटरी पार कर रही बोलेरो से टकरा गई। इंजन से टकराने से बोलेरो के परखच्चे उड़ गए हालांकि गनीमत रही कि हादसे से चंद मिनट पहले बोलरो चालक ने गाड़ी से छलांग लगाकर किसी तरह अपनी जान बचा ली। रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार के मुताबिक हादसे की वजह से ट्रेन करीब पैंतीस मिनट विलंबित रही। इसके बाद ट्रेन आगे रवाना कर दी गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया बुधवार रात करीब एक बजे ट्रेन जैसे ही मगरवारा रेलवे स्टेशन के पास (किलोमीटर नंबर 1163/2) पहुंची, उसी समय बोलेरो गाड़ी पटरी पार करने के दौरान फंस गई। लोको पायलट ने यह देखकर इमरजेंसी ब्रेक लगाई लेकिन, तब तक बोलेरो बुंदेलखंड एक्सप्रेस के इंजन की चपेट में आ गई। बोलेरो चालक ने फुर्ती दिखाते हुए छलांग लगाकर जान बचाई। हादसे से वहां अफरा तफरी मच गई। आरपीएफ व जीआरपीकर्मी भी पहुंच गए। थोड़ी देर में रेल अफसर भी पहुंच गए। कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह क्षतिग्रस्त बोलरो को पटरी से हटाया जा सका। इस घटना से ट्रेन करीब पैंतीस मिनट प्रभावित रही। ब्यूरो
बाल बाल बचा हादसा
बुंदेलखंड एक्सप्रेस के इंजन के कार से टकराने से यात्रियों में दहशत फैल गई। ट्रेन के खड़े होने पर यात्री नीचे उतर आए। काफी देर तक वहां बचाव कार्य चलता रहा। हादसे के बाद बोलरो सवार वहां नहीं मिला। जीआरपी कर्मी उसे तलाशने में जुटे हुए थे। बताया जा रहा है शादी समारोह से बोलरो चालक लौट रहा था।