कोरोना महामारी में जान पर खेले, अब रोजगार न छिने
झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज समेत अन्य चिकित्सा संस्थानों में कोविड ड्यूटी के लिए आउटसोर्सिंग पर रखे कर्मचारियों ने विधायक रवि शर्मा से मुलाकात की। कर्मचारियों ने कहा कि कोरोना महामारी में जान पर खेलकर सेवाएं दीं, अब उनका रोजगार छीन लिया गया है। कर्मचारियों ने विधायक से पुन: नौकरी पर रखवाने की मांग की।
मेडिकल कॉलेज समेत विभिन्न चिकित्सा संस्थानों में स्टाफ नर्स, ओटी टेक्नीशियन, लैब टेक्नीशियन, डाटा ऑपरेटर और वार्ड ब्वॉय समेत विभिन्न पदों पर कोविड-19 के दौरान उनकी नियुक्ति आउटसोर्सिंग पर की गई थी। कर्मचारियों के मुताबिक उन्हें सिर्फ एक महीने का ही मानदेय दिया गया, जबकि सात महीने तक काम करा लिया। यही नहीं, बिना बताए नौकरी से भी निकाल दिया गया। इसके बाद कर्मचारी मानदेय जारी होने और फिर से नियुक्ति पर रखने के लिए लगातार प्रदर्शन कर रहे थे। शुक्रवार की शाम को कुछ कर्मचारियों के बैंक खाते में दो महीने का मानदेय जारी हो गया। बाकी लोगों का पूरा पैसा एक सप्ताह तक पहुंचने का आश्वासन दिया गया। रविवार को कर्मचारियों ने विधायक से फिर से नौकरी पर रखवाने की मांग की। विधायक ने उन्हें अधिकारियों से बात कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस दौरान कर्मचारी अनिल वर्मा, प्रीति सिंह, दीपक शर्मा, राघवेंद्र पाल, शत्रुघ्न, शशिकांत, पंकज, आकाश आदि मौजूद रहे।