Jhansi News: सीमेंट-सरिया खरीदने निकले युवक की सड़क हादसे में मौत, दोस्तों पर पैसा चुराने का आरोप
पुलिस ने घायल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। यहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया है।
विस्तार
झांसी के बबीना में पेट्रोल पंप के पास ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मौत हो गई। वह घर से सरिया, सीमेंट खरीदने निकला था लेकिन, उसके पहले ही हादसे में उसकी जान चली गई। परिजनों का आरोप है उसकी जेब में 95 हजार रुपये थे लेकिन, पुलिस ने सिर्फ 18 हजार रुपये ही वापस किए। परिजनों ने उसके साथ गए युवकों पर भी पैसा चुराने का शक जताया है।
थाना बबीना के गुवावली निवासी गयाचंद्र (35) पुत्र हरन अहिरवार प्राइवेट काम करता था। परिजनों के मुताबिक गयाचंद्र को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत अपना मकान बनाना था। दोपहर अपने दो दोस्तों के साथ सरिया-सीमेंट खरीदने वह बबीना बाजार गया था। यहां उसने 200 रुपये का कुछ सामान खरीदा और वापस लौटने लगा।
जब वह बबीना पेट्रोल पंप के पास पहुंचा तब उसने अपने दोस्तों को वहीं उतार दिया और वापस बाजार जाने लगा। जैसे ही वह कुछ दूर आगे बढ़ा सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर पड़ा। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने घायल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। यहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, उसके भाई का कहना है कि गयाचंद्र के पास 95 हजार थे लेकिन, पुलिस ने सिर्फ 18 हजार ही वापस किए। बाकी के पैसों का कोई पता नहीं चल रहा है। गयाचंद के साथ गए दोस्तों के मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ हैं।