{"_id":"689a41fa9a628d1099085fee","slug":"a-friend-was-killed-during-a-liquor-party-in-a-dispute-of-rs-300-jhansi-news-c-11-1-jhs1032-617533-2025-08-12","type":"story","status":"publish","title_hn":"Jhansi News: दारू पार्टी के दौरान 300 रुपये के विवाद में कर दी दोस्त की हत्या","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Jhansi News: दारू पार्टी के दौरान 300 रुपये के विवाद में कर दी दोस्त की हत्या
विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सदर बाजार के भट्टागांव में रविवार की रात दारू पार्टी के दौरान महज 300 रुपये को लेकर दोस्तों में विवाद हो गया। इस दौरान गुस्से में आकर युवक ने भट्टागांव निवासी नरेश (39) पुत्र मुन्नालाल के सीने पर ईंट से प्रहार कर दिया। नाजुक हाल में नरेश को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया।
नरेश उर्फ पप्पल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में सुरक्षा गार्ड था। परिजन ने बताया कि रविवार रात ड्यूटी खत्म करके नरेश घर लौट आया था। शाम को घर से कुछ दूर पर बने कुएं के पास अपने दोस्त अमित उर्फ गोलू के साथ शराब पी रहा था। शराब खत्म होने पर गोलू ने दोबारा शराब के लिए 300 रुपये मांगे। नरेश पैसा देने के लिए राजी नहीं हो रहा था। इसे लेकर उनके बीच झगड़ा हुआ। आसपास के लोग जमा हो गए।
विज्ञापन
दोनों के बीच मारपीट होने लगी। यह घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मारपीट के दौरान गोलू ने ईंट उठाकर नरेश के सीने पर मार दिया। यहां से भागकर नरेश घर पहुंचा। उसने परिजन को बताया कि उसकी सांस रुक रही है। परिजन उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। यहां कुछ देर में उसने दम तोड़ दिया। उसकी मौत से पत्नी रंजना का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार में पत्नी, 7 साल का बेटा विहान एवं 6 साल का कार्तिक है। सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम के मुताबिक, शराब पीने के दौरान दोनों में विवाद हुआ था। आरोपी अमित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। घटनास्थल के पास मिले सीसीटीवी कैमरे की भी पुलिस पड़ताल कर रही है।
विज्ञापन