जौनपुर। कोरोना के बढ़ते संक्रमण के मद्दनेजर लागू नाइट कर्फ्यू के आदेश का असर दिखने लगा है। पौन नौ बजे ही शहर की अधिकांश दुकानें बंद हो गई। तय समय से पहले ही लोग घरों में घुस गए। पुलिस-प्रशासन के अफसरों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को निर्देशों की जानकारी दी और हर हाल में इसका पालन करने की हिदायत दी।
नाइट कर्फ्यू का आदेश शनिवार की रात से ही प्रभावी हो गया है। पहले दिन अधिकांश लोगों को इसकी जानकारी नहीं थी। लिहाजा पुलिस के कोबरा दस्ते के सिपाही अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर रात साढ़े आठ बजे से ही दुकान बंद करने का निर्देश देते रहे। आनन-फानन अधिकांश दुकानों के शटर रात पौने नौ बजे ही बंद हो गए। शहर के रुहट्टा, ओलंदगंज, चहारसू, कोतवाली, शकरमंडी, जेसीज, लाइन बाजार आदि क्षेत्रों मेें नौ बजते-बजते सड़कों पर सन्नाटा छा गया। गिनती के लोग ही आ-जा रहे थे। रविवार को साप्ताहबिक बंदी के चलते अधिकांश दुकानें पहले से ही बंद थी। सब्जी, फल, किराना आदि की दुकानें शाम को खुली भीं तो उनके शटर नौ बजे से पहले ही गिर गए। पुलिसकर्मी सड़कों पर घूम रहे लोगों को रोककर पूछताछ करते रहे। उन्हें हिदायत भी देते रहे कि दोबारा बाहर न दिखें। सीडीओ अनुपम शुक्ल और सीआरओ राजकुमार द्विवेदी ने सभी क्षेत्रों में भ्रमण कर जायजा लिया। नगर पालिका कर्मचारियों को बेहतर ढंग से साफ-सफाई व सैनिटाइजेशन के निर्देश दिए। सीआरओ ने बताया कि अभी हिदायत दी जा रही है। इसके बाद भी लोग नहीं मानते तो कार्रवाई की जाएगी।