जौनपुर। महराजगंज के जूनियर हाईस्कूल ढेलूपुर में पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान के लिए रैली निकाली गई। इसके साथ ही बच्चों को अभियान के प्रति जागरूक किया गया। घर में या आस-पड़ोस में पांच वर्ष तक के बच्चे हों तो उन्हें नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर उन्हें पोलियो की खुराक पिलाएं जिससे उन्हें इस बीमारी से प्रतिरक्षित किया जा सके। रैली स्कूल से बाजार होते हुए वापस स्कूल पर लौटी। इस दौरान बच्चों ने ‘एक भी बच्चा छूटा, सुरक्षा चक्र टूटा’, ‘मम्मी-पापा भूल न जाना, बूथ पर लाकर खुराक पिलवाना’ आदि नारे लगाकर लोगों को जागरूक किया। रैली के दौरान लोगों को बताया गया गया कि 20 मार्च (रविवार) से पूरे जिले में पोलियो अभियान शुरू होगा जो कि शुक्रवार तक चलेगा।
पहले दिन रविवार को बूथ दिवस के रूप में मनाया जाएगा, जबकि सोमवार से शुक्रवार तक टीमें घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। सोमवार को बी टीम सक्रिय होगी जो रविवार से शुक्रवार के मध्य चले अभियान में छूटे बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएगी। शिक्षा, पंचायती राज, बाल विकास एवं पुष्टाहार, विभाग सहयोग करेंगे। इसके पहले ब्लॉक टास्क फोर्स (बीटीएस) तथा तहसील टास्क फोर्स (टीटीएस) की बैठक में जिम्मेदारी दी गई। रैली में एमओआईसी डा. ओंकार भारती, यूनीसेफ गुरदीप कौर, बीएमसी अशोक कुमार कौशल, प्रधानाध्यापक राम शबद, एचईओ अरुनभा पांडेय, बीसीपीएम वीरेंद्र मौर्या, सीएचओ रचना सिंह आदि शामिल रहीं।