जौनपुर में कोरोना पॉजिटिव जमाती कोर्ट में हुआ था पेश, अब मजिस्ट्रेट समेत छह का सैंपल लेने के बाद भेजा गया क्वारंटीन में
कोरोना संक्रमित मिला पांचवां युवक लॉक डाउन के उल्लंघन में दर्ज केस में जमानत के लिए एक अप्रैल को जौनपुर की दीवानी कोर्ट भी पेश हुआ था। उसमें संक्रमण की पुष्टि के बाद उस दिन कोर्ट में मौजूद रहे रिमांड मजिस्ट्रेट, कोर्ट मुंशी समेत पांच लोगों को क्वारंटीन सेंटर में भेज दिया गया है और उनके सैंपल भी लिए गए हैं। कोर्ट परिसर में सैनिटाइजेशन का कार्य शुरू कर दिया गया है। जिला जज के साथ डीएम, एसपी ने कोर्ट पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था की जांच की।
बदलापुर में मस्जिद के पास स्थित मकान से 29 मार्च को पकड़े सातों जमातियों पर संक्रमण फैलाने और लॉक डाउन के उल्लंघन में केस दर्ज हुआ था। इस मामले में सभी को एक अप्रैल को कोर्ट में रिमांड मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। व्यक्तिगत बंधपत्र व अन्य कागजात पर उसने और रिमांड मजिस्ट्रेट ने हस्ताक्षर किए थे। कोर्ट मुंशी ने दस्तावेजों को पेश किया।
आरोपियों को व्यक्तिगत बंधपत्र पर जमानत दी गई और क्वारंटीन में रहने के लिए निर्देशित किया गया। बुधवार को उसमें से एक जमाती के कोरोना पॉजीटिव मिलने के बाद प्रशासनिक महकमा हरकत में आ गया। गुरुवार को रिमांड मजिस्ट्रेट, कोर्ट मुंशी, गार्ड समेत पांच लोगों का सैंपल लेकर जांच को भेजा गया। सभी को कोरेंटाइन रहने के निर्देश दिए गए हैं। उधर, सीआरओ डॉ.सुनील कुमार वर्मा व ईओ राजकिशोर ने कोर्ट परिसर पहुंचकर फायर ब्रिगेड के वाहन से सैनिटाइजेशन का कार्य शुरू कराया।
संदिग्धों को अस्पताल ले जाने से एंबुलेंस चालक ने किया इंकार
बदलापुर कस्बे के वार्ड नंबर आठ में कोरोना संक्रमित जमाती के संपर्क में आने वाले तीन लोगों को जिला अस्पताल भेजा गया। एंबुलेंस चालक ने पहले उन्हें ले जाने से इंकार कर दिया। इसे लेकर अधीक्षक डॉ. संजय दुबे के बीच घंटों जद्दोजहद चलती रही। एंबुलेंस चालक मुकेश दुबे, रामशंकर तिवारी, राजमणि मौर्य ने पीपीई किट, सैनिटाइजर व ग्लब्स उपलब्ध न कराने का हवाला देते हुए संदिग्ध मरीज को ले जाने में इंकार कर रहे थे। अधीक्षक ने उच्चाधिकारियों से वार्ता कर शीघ्र सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद वह तीनों संदिग्धों को लेकर रवाना हुए।
21 टीमें घर-घर जाकर करेंगी जांच
बदलापुर सीएचसी सभागार में गुरुवार को स्वास्थ्य कर्मचारियों की बैठक हुई। इसमें वार्ड नंबर आठ में घर-घर जाकर सर्वे करने के लिए 21 टीमों का गठन कर उन्हें प्रशिक्षण दिया गया। प्रत्येक टीम में एक एएनएम, आशा, ब्लाक व राजस्वकर्मी के साथ एक पुलिसकर्मी भी मौजूद रहेंगे। बतौर प्रशिक्षक डब्लूएचओ के प्रतिनिधि सतीश चंद यादव ने प्रशिणार्थियों को बताया कि मास्क, ग्लब्स लगाकर सोशल डिस्टेंसिंग के साथ जांच करने का निर्देश दिया। अध्यक्षता अधीक्षक डॉ.संजय दुबे व संचालन स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी राकेश मौर्य ने किया।