जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग संस्थान में सोमवार को एमएड में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग कराई गई। सात महाविद्यालयों की कुल 350 सीटों के लिए 192 अभ्यर्थी काउंसिलिंग में शामिल हुए। जौनपुर के चार और गाजीपुर के तीन महाविद्यालयों की सीटों के लिए काउंसिलिंग कराई गई। एमएड प्रवेश परीक्षा में कुल 370 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। प्रवेश परीक्षा में शामिल छात्रों को दाखिला दिलाने के लिए विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग संस्थान में मंगलवार को काउंसिलिंग कराई गई। काउंसिलिंग के बाद राजा हरपाल सिंह पीजी कॉलेज सिंगरामऊ, तिलकधारी महाविद्यालय जौनपुर, राजा श्रीकृष्ण दत्त पीजी कॉलेज जौनपुर, जय बजरंग महिला महाविद्यालय मुंगराबादशाहपुर जौनपुर, गुरु फूलचंग महाविद्यालय गाजीपुर, गोपीनाथ महाविद्यालय देवली सलामतपुर गाजीपुर और बाबा गज्जनदास बालिका महाविद्यालय खनकाह महाविद्यालय धरवां गाजीपुर में एमएड में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग कराई गई। हालांकि अभी तक सभी सीटें भर नहीं पाई हैं। 178 अभ्यर्थी अभी काउंसिलिंग में शामिल नहीं हुए हैं। यदि यह दूसरी काउंसिलिंग में शामिल होते हैं तो सभी महाविद्यालयों की सीटें भर जाएंगी। अन्यथा कॉलेजों की सीटें खाली रहने की आशंका बनी हुई है। खाली सीटों को भरने के लिए 16 सितंबर को दूसरी काउंसिलिंग कराई की तिथि तय की गई है। प्रवेश परीक्षा के संयोजक टीडी कॉलेज के बीएड विभाग के प्रोफेसर डॉ. अजय कुमार दुबे की देखरेख में कराई गई। प्रवेश कमेटी में डॉ. योगेश शर्मा, प्रो. सुनीता गुप्ता, डॉ. अंजनी मिश्रा और विश्वविद्यालय परिसर के प्रो. मिथिलेश सिंह शामिल रहे।