उरई। जिला कारागार में चल रहे शीतकालीन ओलंपियाड में रविवार को कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें सात-आठ नंबर बैरक के बंदी जीत गए। इससे पूर्व मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष रामेंद्र सिंह बना ने बंदियों की दोनों टीमों के बीच टॉस उछालकर खेल की शुरुआत कराई। साथ ही उन्होंने ऐसे आयोजन की सराहना कर बंदियों की हौसला आफजाई की। इस मौके पर जेल अधीक्षक सीताराम शर्मा ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य बन्दियों की मानसिकता में बदलाव लाना है।
जिला कारागार में हुई कबड्डी प्रतियोगिता में जेल की चार व पांच नंबर बैरक और सात व आठ नंबर बैरक बंदियों के बीच कबड्डी का मैच शुरू हुआ तो देखने वालों में उत्साह था। मैच में सात-आठ नंबर बैरक के खिलाड़ियों ने बेहतर खेल का प्रदर्शन कर जीत हासिल की। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष उदयन पालीवाल, जेलर सुनीत कुमार चौहान, डिप्टी जेलर कमलेश कुमार, डिप्टी जेलर पुष्पेंद्र विक्रम मौजूद रहे।