बालिका को बंधक बनाकर हजारों की लूट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कालपी (जालौन)। कालपी में 24 घंटे के भीतर लूट की दूसरी वारदात हो गई। असलहों से लैस नकाबपोश बदमाश तांगा चलाने वाले के घर में घुसकर उसकी 10 साल की बेटी को बंधक बनाकर कर 70 हजार की जेवर, नगदी लूट ले गए। सूचना के एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाल ईश्वर सिंह का कहना है कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है। सोमवार को भी दिन में दंपति से एक लाख की लूट हुई थी। बिजली घर रोड निवासी तांगा संचालक मुश्ताक खान ने पुलिस को बताया कि मंगलवार की दोपहर करीब 12 बजे पत्नी हसीना किसी काम से बाजार गई थी। घर पर उनकी 10 साल की बेटी करिश्मा ही थी। बकौल करिश्मा इसी बीच दो बदमाशों ने दरवाजा खटखटाया। जैसे ही उसने दरवाजा खोला तो दोनों बदमाश भीतर घुसे और उसे मारपीट कर उसका मुंह बांध दिया। इसके बाद उनके दो और साथी पीछे से भीतर आए। इसके बाद चारों ने घर की अलमारी में रखे 20 हजार रुपये नगद और करीब 50 हजार की ज्वैलरी समेटकर भाग निकले। उसने भागकर पड़ोस में रहने वाली नानी को सारी बात बताई। इसके बाद यूपी 100 को सूचना दी गई। करीब एक घंटे के बाद कोतवाल मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों से बदमाशों के बारे में पूछताछ की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। करिश्मा के मुताबिक चारों बदमाश हाथों में तमंचे भी लिए थे। घटना के कारण इलाकाई लोगों में पुलिस के खिलाफ आक्रोश व्याप्त है।
बाइकों का नंबर पता करने में जुटी पुलिस
पुलिस आसपास के लोगों से बदमाशों की बाइकों का नंबर पता करने में जुटी है। पुलिस का मानना है कि एक बार नंबर मिल जाए फिर बदमाशों को आसानी से पकड़ा जा सकता है।
दंपति लूटकांड में भी पुलिस के हाथ खाली
सोमवार की दोपहर हाईवे के पास हुई दंपति से एक लाख की लूट के मामले में भी पुलिस के हाथ खाली हैं। पुलिस अभी तक यही पता नहीं कर सकी है कि वारदात के बाद बदमाश कालपी और उरई में से किस ओर भागे हैं।
साहब यहां तो दिन में भी सोती है पुलिस
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों को इलाके के शब्बू, रईस, जुनैद, इकबाल आदि ने बताया कि क्षेत्र में रात की गश्त की कौन कहे, यहां तो दिन में ही पुलिस सोया करती है। इस कारण ही लूट की दोनों घटनाएं दिनदहाड़े हुई।