मुहम्मदाबाद। लहचूरा डैम से अचानक पानी छोड़े जाने से बेतवा का जलस्तर 106 मीटर 8 सेंटीमीटर तक पहुंच गया। नदी का जलस्तर दो मीटर बढ़ने से कई किसानों की सब्जियां डूब गईं।
बेतवा में खतरे का निशान 122.18 मीटर पर है। इसके बाद अचानक जलस्तर बढ़ने से क्षेत्र के कोटरा, मकरेछा, मुहाना, बंधौली, गुढ़ा, सिमिरिया आदि गांव में नदी किनारे सब्जी करने वाले किसानों की सब्जी बारियां में पानी भर गया। इससे उनकी कद्दू, लौकी, तरबूज, करेला आदि सब्जियां जलमग्न हो गई। मुहाना किसान कल्लू राजपूत, भीम, मंगल, दशरथ, रामजीवन ने बताया कि पानी से सब्जी पूरी तरह से बर्बाद हो चुकी है।
किसानों का कहना है कि एक माह पहले भी अचानक पानी छोड़े जाने से उन्हें भारी नुकसान हुआ था। अभी उसका मुआवजा नहीं मिला था कि दोबारा पानी छोड़े जाने से उनका नुकसान हो गया। उन्होंने जिला प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।