Orai: अब रेलवे क्रॉसिंग भी होंगी सीसीटीवी कैमरे से लैस, साथ में लगेंगे रिकॉर्डर टेलीफोन
जिले में रेलवे स्टेशन के बाद अब रेलवे क्रॉसिंगों में भी सीसीटीवी कैमरे लगेंगे। 20 हजार से ज्यादा टीवीयू वाली रेलवे क्रॉसिंग को मॉडल क्रॉसिंग बनाया जा रहा है।
विस्तार
उरई में रेलवे स्टेशन के बाद अब रेलवे क्रॉसिंगों को भी सीसीटीवी कैमरे से लैस किया जा रहा है। यहां कैमरों के साथ रिकॉर्डर टेलीफोन भी लगाया जा रहा है। इससे रेलवे क्रासिंग पर होने वाली गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी। पहले चरण में बीस हजार से ज्यादा टीवीयू वाली रेलवे क्रासिंगों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
इसकी शुरुआत हो चुकी है और इसी वित्तीय वर्ष के अंत तक झांसी-कानपुर सेक्शन के 13 रेलवे क्रॉसिंगों को सीसीटीवी कैमरे से लैस कर दिया जाएगा।पहले चरण में जोल्हूपुर रेलवे क्रॉसिंग नंबर 194 पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा, उसरगांव रेलवे क्रासिंग नंबर 192 पर भी सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं।
सबसे चर्चित रिनियां रेलवे क्रॉसिंग नंबर 179 पर सीसीटीवी कैमरा लगाया जाना है। बता दें कि जो भी गेट नॉन इंटरलॉकिंग है, वहां सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना है। सीनियर सेक्शन इंजीनियर सिग्नल सिराज अहमद ने बताया कि जोल्हूपुर रेलवे क्रॉसिंग पर सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए हैं।
हर क्रॉसिंग पर लगेंगे दो-दो सीसीटीवी कैमरे
हर क्रासिंग पर दो दो सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इनमें एक कैमरा रेलवे ट्रैक और वहां से गुजरने वाले वाहनों की गतिविधियां देखेगा और दूसरा कैमरे क्रासिंग पर स्थित केबिन में लगाया जाएगा। इस कैमरे से अंदर और बाहर की रिकार्डिंग होगा। सीसीटीवी कैमरे का कंट्रोल रूम भी केबिन के ही अंदर रहेगा। जहां निर्धारित समय तक रिकर्डिंग सुरक्षित रहेगी।
क्रॉसिंग पर लगेंगे रिकॉर्डर टेलीफोन
चयनित रेलवे क्रॉसिंगों पर रिकॉर्डर टेलीफोन भी लगाए जा रहे हैं। इससे गेटमैन और स्टेशन पर तैनात डिप्टी एसएस के बीच हुई बाचतीत पर ब्योरा रहेगा। इससे यह भी पता रहेगा कि कब स्टेशन मास्टर ने गेटमैन को गेट बंद करने के लिए कहा और कब गेटमैन ने गेट बंद किया। इसमें गेटमैन और स्टेशन मास्टर का झूठ पकड़ा जा सकेगा। हादसे केे दौरान बातचीत सबूत के तौर पर पेश हो सकेगी।
इसी वित्तीय वर्ष में काम होगा पूरा
पीआरओ मनोज कुमार सिंह का कहना है कि झांसी-कानपुर रेल सेक्शन के 13 रेलवे क्रॉसिंग और झांसी मंडल के 41 रेलवे क्रॉसिंगों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने हैं। इस काम को इसी वित्तीय वर्ष में काम पूरा हो जाएगा।