Police Constable Exam: एसटीएफ ने दबोचे सॉल्वर गैंग के तीन सदस्य, दस से 12 लाख में ऐसे कराते थे सेटिंग
हाथरस पुलिस व एसटीएफ ने यूपी पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा में पेपर सॉल्वर गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। जिसमें एक सहायक अध्यापक भी है। पकड़े अभियुक्तों में दो अलीगढ़ के और एक हाथरस का है। अभी बुलंदशहर के एक अन्य सदस्य की तलाश जारी है। पकड़े गए अभियुक्त 10 से 12 लाख में पेपर सॉल्व कराने की सेटिंग करते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स यूपी (एसटीफ) की नोएडा यूनिट और हाथरस कोतवाली सदर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में अभ्यर्थियों से मोटी रकम लेकर पेपर हल कराने वाले गिरोह के तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक जिले के सासनी क्षेत्र और दो अलीगढ़ जिले के शामिल हैं। इनमें से एक सहायक अध्यापक है, जबकि एक आरोपी फरार है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस भर्ती, अन्य प्रतियोगी परीक्षा के प्रवेश पत्र, मोबाइल फोन, पेन कार्ड व चेक आदि सामग्री बरामद की गई है।
बता दें कि जिले में 17 और 18 फरवरी को जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती की परीक्षा होनी है। शांतिपूर्ण व नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए जिला प्रशासन पहले से ही सतर्कता बरत रहा था। नकलविहीन व शांतिपूर्ण परीक्षा कराने के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस भर्ती परीक्षा में सॉल्वर गैंग को पकड़ने की जिम्मेदारी यूपी एसटीएफ को सौंपी गई है। एक दिन पहले ही शुक्रवार को नोएडा एसटीएफ की टीम ने जिले में डेरा डाल लिया था।
17 फरवरी को परीक्षा के पहले दिन सुबह की पाली में परीक्षा शुरू होने से पहले यूपी एसटीएफ और कोतवाली सदर पुलिस उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा के पेपर को सॉल्व कराने जा रहे तीन संदिग्धों के बारे में सूचना पर प्राप्त हुई। इस पर नोएडा एसडीएफ के उपनिरीक्षक दीपक कुमार व कोतवाली सदर प्रभारी विजय सिंह टीम ने शहर के मथुरा रोड स्थित मधुगढ़ी चौराह के निकट संदिग्ध लोगों के आने के बारे में सूचना प्राप्त हुई। एसटीएफ व कोतवाली सदर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सॉल्वर गिरोह से जुड़े तीनों ही सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम सुभाष उर्फ गुरुजी पुत्र भरत सिंह निवासी महाराणा प्रताप एन्क्लेव स्वर्ण जयंती नगर अलीगढ़, दीपक उर्फ संजय फौजी पुत्र भूदेव प्रसाद निवासी बाल बदरपुर थाना गोंडा जिला अलीगढ़ व मनोज कुमार पुत्र छोटेलाल निवासी गांव नगला सिंह थाना सासनी जिला हाथरस बताया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने एक अपने फरार सदस्य का नाम कुंवरपाल उर्फ राजेश उर्फ राजा निवासी छतारी जिला बुलंदशहर बताया है।
दस से 12 लाख रुपये में लेते थे नकल का ठेका
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि वह प्रत्येक परीक्षार्थी से 10 से 12 लाख रुपये में पेपर हल कराने की सेटिंग करते थे। परीक्षा से पहले कोई एडवांस पैसा नहीं लेते, बल्कि परीक्षार्थियों के वास्तविक दस्तावेज अपने पास जमा कर लेते थे। सुभाष उर्फ गुरुजी पूर्व माध्यमिक विद्यालय धनीपुर अलीगढ़ में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात है। कुंवरपाल उर्फ राजेश उर्फ राजा के पास पेपर आउट होकर आता है। सुभाष उर्फ गुरुजी की राजेश उर्फ राजा से सेटिंग होती है कि यदि पेपर का सेट नही फंसेगा तो पैसा नहीं दिया जाएगा।
व्हाट्स एप चेट से मिला पेपर लीक का विवरण
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से बरामद मोबाइल फोन के व्हाट्स एप चेट से उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा-2023 के अभ्यर्थियों को पेपर लीक कराकर पेपर पढ़वाने का विवरण प्राप्त हुआ है।
यह सामग्री हुई बरामद
46 प्रवेश पत्र पुलिस भर्ती परीक्षा, 36 प्रवेश पत्र अन्य प्रतियोगी परीक्षा, दो खाली चेक, पांच मोबाइल फोन, चार आधार कार्ड, दो पेन कार्ड और एक ड्राइविंग लाइसेंस।
17 व 18 फरवरी को आयोजित पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए नोएडा एसटीएफ व कोतवाली सदर पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए सॉल्वर गिरोह के तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी फरार है। इनसे अभी पूछताछ जारी है।-रामप्रवेश राय, सीओ, सिटी।