आलू: खेती में 3797 का जलवा, चिप्सोना-सूर्या भी नहीं हैं कम, यह बने किसानों की पहली पसंद
हाथरस और सादाबाद क्षेत्र में हर साल लाखों मीट्रिक टन आलू की पैदावार होती है। 52 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में बोआई पूरी होने से कोल्ड स्टोरेज संचालकों ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
विस्तार
हाथरस जिले भर में आलू की बोआई का काम लगभग अंतिम चरण में पहुंच चुका है। सादाबाद में आलू की 3797 किस्म का जलवा है, जबकि सासनी में चिप्सोना और सूर्या किस्म के आलू की बोआई को प्राथमिकता दी जा रही है।
इस वर्ष जिले में कुल 52 हजार हेक्टेयर लक्ष्य के सापेक्ष करीब 80 प्रतिशत रकबे में आलू की बोआई पूरी कर ली गई है। खेतों में आलू की किस्मों के चयन को लेकर इस बार भी किसानों का मुख्य जोर उत्पादन और भंडारण क्षमता पर देखा जा रहा है। जिले भर के आंकड़ों और रुझानों पर नजर डालें तो इस बार 3797 किस्म का दबदबा सबसे अधिक बना हुआ है।
हाथरस और सादाबाद क्षेत्र में हर साल लाखों मीट्रिक टन आलू की पैदावार होती है। 52 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में बोआई पूरी होने से कोल्ड स्टोरेज संचालकों ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। सहपऊ के किसान राजनलाल शर्मा ने बताया कि कि बेहतर किस्मों (जैसे 3797 और चिप्सोना) के चयन से उन्हें आने वाले सीजन में आलू की अच्छी फसल और वाजिब दाम मिलने की उम्मीद है।
जिले में 3797 किस्म की प्रजाति की किसान सबसे ज्यादा बोआई करते हैं। इसकी डिमांड भी अन्य प्रदेशों के साथ साथ देश के विभिन्न कोनों में होती है। जिले में करीब 80 फीसदी आलू की बोआई हो चुकी है।-सुनील कुमार, जिला उद्यान अधिकारी।
सादाबाद-सहपऊ में 3797 का जलवा, सासनी में प्रोसेसिंग वैरायटी की मांग
- सादाबाद, सहपऊ और बिसावर क्षेत्र : आलू पट्टी के रूप में मशहूर इस क्षेत्र में बोआई का मुख्य केंद्र 3797 प्रजाति रही है। यहां के लगभग 80 प्रतिशत खेतों में 3797 आलू की बोआई की गई है, जबकि लगभग 20 प्रतिशत रकबे में के. मोहन प्रजाति को स्थान मिला है।
- सासनी क्षेत्र : सासनी और आसपास के इलाकों में किसानों का झुकाव प्रोसेसिंग (चिप्स) और अगेती किस्मों की तरफ ज्यादा देखा गया है। यहां मुख्य रूप से सूर्या, चिप्सोना-1, चिप्सोना-2 और चिप्सोना-3 जैसी उच्च मांग वाली किस्मों की बोआई हुई है।
क्यों किसानों की पहली पसंद बनी 3797 प्रजाति
- शानदार पैदावार : अन्य किस्मों की तुलना में 3797 आलू प्रति हेक्टेयर अधिक उत्पादन (बंपर उपज) देने के लिए जाना जाता है।
- तापमान सहने की क्षमता : इस किस्म में बदलती जलवायु और बढ़ते तापमान को सहने की जबरदस्त क्षमता पाई जाती है।
- लंबी भंडारण क्षमता (जल्दी खराब न होना) : तापमान और मौसम के थपेड़ों को सहने के कारण यह आलू कोल्ड स्टोरेज से निकालने के बाद या सामान्य तापमान में भी लंबे समय तक सुरक्षित रहता है और जल्द खराब नहीं होता।
- किसानों का अनुभव : 3797 किस्म का आलू बोने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि यह बाजार में अच्छी पकड़ बनाए रखता है और कोल्ड स्टोरेज में रखे रहने पर भी इसकी गुणवत्ता पर विपरीत असर नहीं पड़ता।