संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय को श्रद्धांजलि देने वालों का पूरे दिन उनके लेबर कॉलोनी स्थित निवास पर तांता लगा गया। लेबर कॉलोनी के पार्क में शांति पाठ हुआ और श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल के अलावा प्रदेश के कई मंत्रियों, कई नौकरशाहों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पूर्व मंत्री रामवीर के निधन पर शोक जताया है।
पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय के निधन के बाद बुधवार को लेबर कॉलोनी पार्क पर शांति पाठ और श्रद्धांजलि सभा रखी गई थी। इस मौके पर सुबह से ही भीड़ एकत्रित होनी शुरू हो गई। केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री प्रो.एसपी सिंह बघेल, प्रदेश की कबीना मंत्री बेबीरानी मौर्य, कबीना मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह, राज्य मंत्री रजनी तिवारी, पूर्व केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा, पूर्व मंत्री ठा. जयवीर सिंह, पूर्व मंत्री श्रीकांत शर्मा, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष बृज बहादुर, कांग्रेस नेता पूनम पंडित, पूर्व विधायक प्रमोद गौड़ के अलावा स्थानीय नेताओं ने पूर्व मंत्री को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस मौके पर सभी ने रामवीर की पत्नी व जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय व उनके बेटे चिराग उपाध्याय को सांत्वना दी। देर शाम तक शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा रहा। इधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी रामवीर उपाध्याय के निधन पर शोक जताया। उन्होंने रामवीर के बेटे चिराग उपाध्याय को भेजे शोक संदेश में अपनी संवेदना जाहिर की है और ईश्वर से प्रार्थना की है कि वह दिवंगत आत्मा को शांति दे और परिवार को दुख सहन करने के लिए धैर्य व संबल प्रदान करें।