सैन्यकर्मी हत्याकांड: मुठभेड़ में दबोचा 25 हजार का इनामी हत्यारोपी, पैर में लगी गोली, नौ आरोपी भेजे जेल
5 फरवरी को ग्राम समदपुर निवासी डौली कुमारी ने थाना सादाबाद में तहरीर देकर बताया था कि उसका भाई अखिलेश कुमार, जो भारतीय सेना में तैनात था, हाथरस न्यायालय से लौटते समय चन्द्रा फार्म हाउस के पास हमलावरों द्वारा की गई फायरिंग में मारा गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हाथरस के थाना सादाबाद क्षेत्र में सैन्य कर्मी की गोली मारकर हत्या करने के चर्चित मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी गब्बर को पुलिस ने 22 फरवरी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। एसओजी टीम और थाना सादाबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी मुकेश कुमार उर्फ गब्बर को जवाबी फायरिंग के दौरान पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में पकड़ लिया गया। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
सीओ अमित पाठक के अनुसार सैनपुर बंबा मार्ग की ओर चेकिंग के दौरान आरोपी की घेराबंदी की गई। इस दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में आत्मरक्षार्थ की गई कार्रवाई में वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा (315 बोर), एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार आरोपी पर पूर्व में वर्ष 2023 में मारपीट व धमकी से संबंधित धाराओं में थाना सादाबाद में रिपोर्ट दर्ज है। गब्बर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा 10 फरवरी को 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। तकनीकी व सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने उसे चिह्नित कर रविवार को कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया।
सैन्य कर्मी की हत्या से जुड़ा मामला
बता दें कि बीती पांच फरवरी को ग्राम समदपुर निवासी डौली कुमारी ने थाना सादाबाद में तहरीर देकर बताया था कि उसका भाई अखिलेश कुमार, जो भारतीय सेना में तैनात था, वह हाथरस न्यायालय से लौटते समय चन्द्रा फार्म हाउस के पास हमलावरों द्वारा की गई फायरिंग में मारा गया। घटना के बाद पुलिस ने हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पांच टीमों का हुआ था गठन
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन व क्षेत्राधिकारी सादाबाद के नेतृत्व में एसओजी, सर्विलांस और थाना पुलिस की पांच टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने साक्ष्य जुटाते हुए लगातार दबिश दी और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की।।
पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं नौ आरोपी
मामले में पुलिस द्वारा अब तक नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इनमें सात फरवरी को बोबी उर्फ विशाल व राजा उर्फ राहुल, नौ फरवरी को हरियाणा पुलिस द्वारा कमलकांत व विक्रम सिंह, 16 फरवरी को मुठभेड़ में हेमंत, 17 फरवरी को रमेश व जगवीर तथा 18 फरवरी को भोला उर्फ भोलू व अंकित उर्फ हकला को गिरफ्तार किया गया था।