Hathras News: कारोबारी से बदमाशों ने चार लाख रुपये लूटे, तमंचे की बट मार किया लहूलुहान
बदमाशों ने लूट के लिए हरिओम को बेरहमी से पीटा, रुकते ही बिना कोई बात किए पीटना शुरू कर दिया। सिर पर ताबड़तोड़ ईंट व तमंचे की बट से प्रहार किए। इससे उनका सिर फट गया।
विस्तार
सादाबाद कस्बे में 2 अप्रैल रात करीब 10 बजे चार बदमाशों ने बाइक सवार केला प्लांट के मालिक हरिओम को रोका और उनसे लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर ईंट और तमंचे की बट से प्रहार कर उन्हें घायल कर दिया। इस दौरान बदमाश उनसे चार लाख रुपये लूटकर भाग गए।
बदमाशों के भागने के बाद लहूलुहान हालत में कारोबारी प्लांट पर पहुंचे और घटना की जानकारी दी। सूचना पर थाना सादाबाद पुलिस पहुंच गई और बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा है। हरिओम कस्बे के मोहल्ला इस्लामनगर के रहने वाले हैं और सादाबाद में बाहर की ओर उनका केला प्लांट है।
पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार वह घटना से पहले वह 4,04,200 रुपये लेकर प्लांट से घर के लिए निकले थे। वह भगवती कोल्ड के सामने छावी मिया के बाग से होकर घर की ओर आ रहे थे, तभी सामने सड़क किनारे एक युवक ने उन्हें हाथ देकर रोका। परिचित समझकर हरिओम ने बाइक रोक ली। बाइक रुकते ही युवक के तीन और साथी निकल आए। उन्होंने हरिओम के साथ मारपीट शुरू कर दी। ईंट व तमंचे की बट से सिर व चेहरे पर कई वार किए। इससे वे लहूलुहान हो गए। आरोप है कि बदमाशों ने नकदी से भरा थैला, हाथ में पहना सोने का कड़ा, अंगूठी व मोबाइल लूटकर भाग गए।
गंभीर हालत में हरिओम प्लांट पर पहुंचे और वहां मौजूद भतीजे के मोबाइल से परिजनों को खबर की। परिजन आनन-फानन मौके पर पहुंचे। पुलिस को सूचना दी गई। हरिओम को उपचार के लिए सीएचसी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें आगरा ले गए। भतीजे लवकुश ने शुक्रवार को सादाबाद कोतवाली में घटना के संबंध में तहरीर दी है।
घटना की जानकारी मिली है। कारोबारी का उपचार कराया जा रहा है। वे खतरे बाहर हैं। घटना के अनावरण के लिए टीम गठित कर दी गई हैं। जल्द ही बदमाश गिरफ्त में होंगे।-अमित पाठक, सीओ सादाबाद
प्लांट के कर्मचारी पर शक
आढ़ती व उनके परिवार को शक है कि किसी करीबी ने घटना को अंजाम दिया है। प्लांट के एक कर्मचारी पर शक है, उन्हें ही जानकारी थी कि हरिओम रुपये लेकर निकल रहे हैं। पुलिस हर एंगल से मामले की छानबीन में जुटी है। इंटेलीजेंस व सर्विलांस टीम को लगाया गया है।
सिर में आए 18 टांके
बदमाशों ने लूट के लिए हरिओम को बेरहमी से पीटा, रुकते ही बिना कोई बात किए पीटना शुरू कर दिया। सिर पर ताबड़तोड़ ईंट व तमंचे की बट से प्रहार किए। इससे उनका सिर फट गया। पीड़ित को 18 टांके आए हैं। परिजन एहतियात के तौर पर शुक्रवार को उन्हें आगरा ले गए।