ड्राइविंग लाइसेंस: हाथरस में 10 दिनों से नहीं बन पा रहे मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र, 67 आवेदन लंबित
हाथरस में सारथी पोर्टल में तकनीकी खराबी से ड्राइविंग लाइसेंस के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र नहीं बन पा रहे। परेशान आवेदकों ने बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल में हंगामा किया।
विस्तार
हाथरस परिवहन विभाग के सारथी पोर्टल में पिछले 10 दिनों से तकनीकी खराबी के कारण ड्राइविंग लाइसेंस आवेदकों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र नहीं बन पा रहे हैं। इससे परेशान आवेदकों ने बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल में हंगामा किया।
सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग प्रमाण पत्र बनवाने पहुंचे, लेकिन ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी नहीं होने से उन्हें मायूस लौटना पड़ा। नियमानुसार 40 वर्ष से अधिक आयु के आवेदकों, लाइसेंस का नवीनीकरण कराने वालों और कमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने वालों के लिए मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र (फॉर्म 1-ए) अनिवार्य है। आवेदकों का कहना है कि वे कई दिनों से अस्पताल के चक्कर लगा रहे हैं। शाहपुर निवासी फूल सिंह ने बताया कि वह 10 दिनों से भटक रहे हैं। बृहस्पतिवार को अस्पताल आते समय उनकी बाइक भी फिसल गई, जिससे चोट लग गई। पोर्टल पर फोटो का मिलान नहीं होने की समस्या बताई जा रही है।
पोर्टल में तकनीकी दिक्कत के कारण फिटनेस प्रमाण पत्र जारी करने में समस्या आ रही है। इस संबंध में एआरटीओ कार्यालय से बात की गई है। जल्द ही समस्या दूर कराई जाएगी। - डॉ. सूर्यप्रकाश, सीएमएस
विज्ञापन विज्ञापन
फोटो मिसमैच से अटकी प्रक्रिया
आवेदक ऑनलाइन फार्म लेकर जिला अस्पताल पहुंचते हैं। यहां मेडिकल जांच के बाद उनकी फोटो लेकर फिटनेस प्रमाण पत्र सारथी पोर्टल पर अपलोड किया जाता है। लेकिन पोर्टल पर आवेदक की फोटो और आवेदन का मिलान नहीं हो पा रहा है। बृहस्पतिवार सुबह आए 75 आवेदनों में से केवल आठ के ही फिटनेस प्रमाण पत्र बन सके।
