Hathras News: मोहल्लों में चार दिन से नहीं आया पानी, लोगों ने आगरा रोड पर जाम लगाकर किया जमकर हंगामा
हाथरस शहर की आवास विकास कॉलोनी, कल्याण कॉलोनी सहित कई मोहल्ले में पानी न आने को लेकर लोगों ने आगरा रोड जाम किया। तमाम स्कूली वाहनों सहित बस व ट्रक जाम में फंस गए।
विस्तार
हाथरस शहर की आवास-विकास कॉलोनी स्थित टंकी से होने वाली पानी की आपूर्ति चार दिन से ठप पड़ी है। 15 जुलाई सुबह कई मोहल्लों की महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने आगरा रोड पुलिस चौकी पर जाम लगा दिया। करीब आधे घंटे तक जाम लगा रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।
शहर की आवास-विकास कॉलोनी स्थित पानी की टंकी के भूमिगत जलाशय का पंप खराब हो गया। इससे पूरे इलाके में जलापूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत नगर पालिका से की, लेकिन चार दिन बीतने पर भी जलापूर्ति बहाल न होने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
कई मोहल्लों की महिलाएं आगरा रोड पुलिस चौकी पहुंच गईं। यहां रखी बिजली विभाग की सीढ़ी को बीच रास्ते मेंखड़ा कर जाम लगा दिया। सुबह करीब 7:20 बजे जाम लगने से आगरा रोड पर दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गई। करीब 30 मिनट बाद जाम लगा रहा। पुलिस मौके पर पहुंच गई। जाम खुलवाने के लिए पुलिस की आक्रोशित लोगों से नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने जैसे-तैसे समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।
जाम में फंसे स्कूली वाहन
आगरा रोड पर जाम लगने के कारण शहर के कई स्कूलों के वाहन भी इसमें फंस गए। इस कारण बच्चों को स्कूल पहुंचने में करीब 30 मिनट की देरी हुई। इसके साथ ही कई रोडवेज बसें भी जाम में फंस गई। इनके यात्री बसों से उतरकर पैदल यात्रा करने के लिए मजबूर हो गए।
करीब दो हजार परिवार रहे प्रभावित
आवास-विकास कॉलोनी स्थित पानी की टंकी से जलेसर रोड, नगला मियां, अहियापुर, दिल्ली वाला चौक व कल्याण काॅलोनी आदि मोहल्लों को पानी की आपूर्ति जाती है। इनके अलावा आसपास के सभी मोहल्लों की आपूर्ति चार दिन तक ठप रही। इन मोहल्लों में करीब दो हजार परिवार जलापूर्ति न आने से परेशान रहे।
चौकी में ताला, पुलिस को आने में लगे 30 मिनट
गुस्साए लोगों ने आगरा रोड पुलिस चौकी के निकट ही जाम लगाया, लेकिन अहम बात यह है कि चौकी के बाहर जाम लगाए जाने के बावजूद जाम खुलवाने में पुलिस को 30 मिनट का समय लग गया, क्योंकि उस समय पुलिस चौकी पर कोई था ही नहीं। चौकी प्रभारी के कक्ष पर ताला लगा था और दूसरे कक्ष की कुंडी बाहर से बंद थी, जबकि कांवड़ यात्रा के चलते पुलिस को हर वक्त चौकन्ना रहने के आदेश हैं।
चार दिन से पानी नहीं आ रहा। दिक्कत झेलनी पड़ रही है। बिना पानी के कैसे काम चलाया जाए, समझ नहीं आ रहा। मजबूरी में आज सड़क पर उतरना पड़ा है।-कांता देवी निवासी अहियापुर।
चार दिन से पानी नहीं आ रहा। नगर पालिका से शिकायत की है, लेकिन कोई फर्क नहीं पड़ा। बिना पानी के हम किस तरह घर के काम कर रहे हैं, हम ही जानते हैं।-कमलेश देवी निवासी कल्याण काॅलोनी।
चार दिन से नगर पालिका वाले चक्कर कटवा रहे हैं। एई कहते हैं जेई के पास जाओ। जेई कहते हैं कि एई समस्या का निदा करेंगे। बेवकूफ बनाने के अलावा कोई काम नहीं है।-दीपक राजपूत निवासी आवास-विकास काॅलोनी।
अमृत योजना की आपूर्ति शुरू के बाद जमीन में पानी का स्तर नीचा हो गया है। लोगों के सबमर्सिबल पंप फेल हो गए हैं। सिर्फ नगर पालिका की जलापूर्ति ही साधन है। -गोला प्रधान निवासी आवास-विकास काॅलोनी।
मैंने अभी 40 दिन पहले ही चार्ज संभाला है। भूमिगत जलाशय का एक पंप लंबे समय से खराब है। दूसरा पंप खराब होने से दिक्कत हुई है। मैंने एक पंप को सही कराकर पानी की आपूर्ति सुचारू करा दी है। अब एक माह में दूसरा पंप भी सही करा देंगे।-राजकुमार, अवर अभियंता, जलकल, हाथरस।