Hathras: गंदे पानी की निकासी के इंतजाम नहीं, सड़कें भी बदहाल, लोगों को करना पड़ रहा परेशानी का सामना
शहर के वार्ड 17 में लक्ष्मीनगर, सादाबाद गेट, मोहल्ला माइयान, बीएच मिल रोड, मोहल्ला गड्ढा, गली दोबराबाल, टोडी नौहरा और गोपीगंज आदि इलाके आते हैं। इनमें से गुजर रहे नालों की सफाई पर पालिका प्रशासन का ध्यान नहीं है।
विस्तार
शहर के वार्ड संख्या 17 के इलाकों में गंदे पानी की निकासी के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। साथ ही हैंडपंप भी खराब पड़े हैं। नाले-नालियां गंदगी से उफन रहे हैं। वहां बनने वाला बरातघर भी अधूरा पड़ा है। बजट के अभाव में कई सड़कों का निर्माण नहीं हुआ है। बरातघर का निर्माण भी नहीं हुआ है।
शहर के वार्ड 17 में लक्ष्मीनगर, सादाबाद गेट, मोहल्ला माइयान, बीएच मिल रोड, मोहल्ला गड्ढा, गली दोबराबाल, टोडी नौहरा और गोपीगंज आदि इलाके आते हैं। इनमें से गुजर रहे नालों की सफाई पर पालिका प्रशासन का ध्यान नहीं है। नाले कीचड़ से लबालब भरे हुए हैं। इस कारण बिन बरसात आए-दिन जलभराव होता है।
इसके अलावा वार्ड में कई हैंडपंप खराब हालत में हैं। इस कारण लोगों को पीने के पानी तक के लिए भटकना पड़ता है। अमृत योजन के तहत डाली गई पाइप लाइन से सड़क जर्जर हो गई। सड़क को सही तरीके से दुरुस्त नहीं किया गया है। बजट के अभाव में करीब पांच गलियों का निर्माण नहीं हुआ है।
सभासद का पक्ष
मेरे द्वारा वार्ड में कई सड़कों का निर्माण कराया गया है। बरातघर का निर्माण शुरू हो गया है, लेकिन नगर पालिका प्रशासन ने काम रोक दिया है। मेरे वार्ड में बने नालों की सफाई नहीं कराई गई है। इस कारण बिन बरसात जलभराव होता है। पीएम आवास भी कई लोगों को दिलाए हैं। वृद्धावस्था और विधवा पेंशन भी कई लोगों की बंधवाई है। -विनोद प्रेमी, सभासद वार्ड नंबर 1
बाशिंदों की व्यथा
इलाकों में सफाई के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। इस कारण बिन बरसात के जलभराव होता रहता है। अधिकांश हैंडपंप खराब हालत में हैं। इस कारण पीने के पानी के लिए भी भटकना पड़ रहा है। हम सभासद को 10 में पांच नंबर देते हैं। -वसीम खान
नाला कीचड़ से लबालब भरा हुआ है। सफाई भी सही तरीके से नहीं हो रही है। इस कारण गंदगी है। अब डेंगू का डंक सता रहा है। सभासद ने अपने स्तर से कुछ काम शुरू कराए हैं। हम सभासद को 10 में छह नंबर देते हैं। -कमल गौतम
हमारे वार्ड में कुछ महीने पहले बरातघर निर्माण शुरू हुआ था, लेकिन नींव की खुदाई के बाद इसका निर्माण रुक गया। कई हैंडपंप भी खराब पड़े हैं। सभासद ने कुछ काम कराने के प्रयास किए। सभासद को 10 में से सात नंबर देते हैं। -सुमित
कई हैंडपंप खराब हालत में है। सड़कें बदहाल हैं। इस कारण पैदल चलना मुश्किल हो रहा है। कई बार पालिका प्रशासन को सड़क सही करने के लिए अवगत कराया गया है। हम सभासद को 10 में से पांच नंबर देते हैं। -अनुराग शर्मा