Hathras: आठ किमी तक दौड़ता रहा आग की लपटों में घिरा कंटेनर, पीछे दौड़ती रही दमकल, फिर हुआ यह
बिजली की लाइन में फॉल्ट हो गया और तार टूटकर कंटेनर पर जा गिरा।करंट व चिंगारी के कारण लोहे के कंटेनर में छेद हो गया। चिंगारी अंदर जाने से साड़ियों की गांठ ने आग पकड़ ली। कुछ ही मिनट में आग बढ़ती गई।
विस्तार
आग की लपटों से घिरा कंटेनर और उसकी पीछा करती दमकल व पुलिस की गाड़ियां.. हाथरस के आगरा रोड पर 24 अक्तूबर रात करीब 11 बजे यह घटनक्रम करीब आठ किलोमीटर तक नजर आया। नगला भुस तिराहे पर चालक ने कंटेनर को रोका, इसके बाद पहुंची दमकलों ने आग पर काबू पाया। बाद में पता चला कि बिजली का तार टूटकर गिरने से कंटेनर में आग लगी थी और चालक उसे लेकर आबादी से बाहर की ओर जा रहा था।
कंटेनर का चालक 24 अक्तूबर रात लगभग साढ़े दस बजे एक कंटेनर सूरत से साड़ियां लेकर मधुगढ़ी में पहुंचा। यहां ट्रांसपोर्ट से कुछ कदम पहले बिजली की लाइन में फॉल्ट हो गया और तार टूटकर कंटेनर पर जा गिरा।करंट व चिंगारी के कारण लोहे के कंटेनर में छेद हो गया। चिंगारी अंदर जाने से साड़ियों की गांठ ने आग पकड़ ली। कुछ ही मिनट में आग बढ़ती गई। कंटेनर का गेट खोला तो अंदर की ओर दूसरी गांठें भी जलना शुरू हो गई थीं। दमकल को सूचना दी गई।
इधर मधुगढ़ी के लोग मौके पर जमा हो गए और उन्होंने रिहायशी इलाके में जलते कंटेनर को खड़ा करने का विरोध किया। इस पर चालक कंटेनर लेकर शहर में होता हुआ आगरा रोड की तरफ दौड़ पड़ा, तब तक दमकल व कोतवाली पुलिस भी पहुंच पहुंच गई थी।दमकल, कोतवाली पुलिस व पीआरवी ने कंटेनर का पीछा किया। मधुगढ़ी से लगभग आठ किलोमीटर दूर नगला भुस तिराहे पर चालक ने ले-लेन पर लेजाकर कंटेनर खड़ा कर दिया। दमकल कर्मियों ने तब कहीं जाकर आग पर काबू पाया।
कंटेनर में आग लगने की सूचना मिली थी, जब तक दमकल कर्मी पहुंचे चालक आगरा रोड की तरफ निकल गया था। पीछा कर हाईवे पर आग पर काबू पाया गया। काफी माल जल चुका था।-कुंवरपाल सिंह, अग्निशमन अधिकारी
हाथरस और अलीगढ़ के कपड़ा व्यापारियों का था माल, 50-55 लाख का नुकसान
ट्रांसपोर्ट संचालक ओमप्रकाश ने बताया कि इस कंटेनर में लगभग 85 गांठ बताई जा रही है, जिनकी अनुमानित कीमत 70 लाख रुपये है। इनमें आग लगने व पानी में भीगने के कारण लगभग 50 से 55 लाख रुपये का नुकसान होने का अंदेशा है। बिल्टियों के आधार पर संबंधित व्यापारियों को जानकारी दी गई है। इसमें हाथरस के पंजाबी मार्केट के आठ से दस व्यापारियों का माल था। इसके अलावा अलीगढ़ के भी व्यापारियों का माल इसी कंटेनर में था।
माल देखने पहुंचे कपड़ा व्यापारी
सूरत से आए कंटेनर में आग की सूचना पर जिन-जिन व्यापारियों का माल आना था, वे ट्रांसपोर्ट पर पहुंचे। कुछ व्यापारियों ने अपना माल सुरक्षित देख राहत की सांस ली। दरअसल सूरत से तीन कंटेनर आए थे, जिनमें से पहले आए कंटेनर में आग लगी थी।