{"_id":"6aa3e9738086d142cb0217f5","slug":"fire-broke-out-in-readymade-garment-factory-due-to-short-circuit-2026-09-11","type":"story","status":"publish","title_hn":"हाथरस: कपड़ों के शोरूम में लगी भीषण आग, छह घंटे तक उठती रहीं लपटें, दो मंजिल का सामान पूरी तरह हुआ राख","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हाथरस: कपड़ों के शोरूम में लगी भीषण आग, छह घंटे तक उठती रहीं लपटें, दो मंजिल का सामान पूरी तरह हुआ राख
Fri, 11 Sep 2026 05:14 PM IST
Chaman Kumar Sharma
अमर उजाला नेटवर्क, हाथरस
अमर उजाला नेटवर्क, हाथरस
Published by: Chaman Kumar Sharma
Updated Fri, 11 Sep 2026 05:14 PM IST
सार
रात करीब 11:30 बजे दमकल पहुंची। तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। पहली मंजिल से होते हुए आग तेजी से दूसरी मंजिल तक फैल गई। तपिश से शीशे टूट गए और लपटें दूसरी मंजिल से बाहर की ओर उठने लगीं।
विज्ञापन
रेडीमेड कपड़ा फैक्टरी की ऊपरी मंजिल में लगी आग
- फोटो : वीडियो ग्रैब
विस्तार
हाथरस के गोशाला रोड पर भाजपा कार्यालय वाली गली में बृहस्पतिवार देर रात कपड़ों के दो मंजिला शोरूम में भीषण आग लग गई। भूतल से शुरू हुई आग देखते ही देखते दूसरी मंजिल तक पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को काबू किया। आग की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
विज्ञापन
चक्की बाजार के रहने वाले रानू गुप्ता का गोशाला रोड पर भाजपा कार्यालय वाली गली में एमटीसी नामक कपड़ों का शोरूम है। रानू ने बताया कि बृहस्पतिवार को सुबह से बिजली आपूर्ति प्रभावित थी। शाम में बिजली आई लेकिन वोल्टेज में उतार-चढ़ाव हो रहा था। बिजली के कारण उन्होंने रात आठ बजे ही शोरूम बंद कर दिया था। रात 11 बजे गार्ड ने उन्हें शोरूम के भूतल पर आग लगने की सूचना दी। वह शोरूम पहुंचे और आसपास के लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। पड़ोसी पुनीत टालीवाल ने बताया कि आग बुझाने के लिए फायर एक्सटिंग्यूशर भी प्रयोग किए लेकिन वह बेकाबू होती गई। लपटें इतनी ऊंची थीं कि आसपास की इमारतों पर भी खतरा मंडराने लगा।
विज्ञापन
तपिश से टूट गए शीशे, फैलती गई आग
रात करीब 11:30 बजे दमकल पहुंची। तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। पहली मंजिल से होते हुए आग तेजी से दूसरी मंजिल तक फैल गई। तपिश से शीशे टूट गए और लपटें दूसरी मंजिल से बाहर की ओर उठने लगीं। दूसरी मंजिल तक पहुंचना संभव नहीं था इसलिए सामने वाली इमारत पर चढ़कर दमकल कर्मियों ने प्रेशर पाइप से आग बुझाने का प्रयास किया। सुबह छह बजे तक दमकल कर्मी आग बुझाने में जुटे रहे। हालांकि आग बुझने तक शोरूम में सारा सामान राख हो चुका था।
विज्ञापन
चार गाड़ियों ने 20 राउंड में पाया काबू
चार हजार लीटर क्षमता वाली दमकल की चार गाड़ियां आग बुझाने पहुंची थीं। इसमें सादाबाद व सासनी से गाड़ी बुलाई गई थी। पानी खत्म होने पर घटना स्थल से करीब 500 मीटर दूर वाटर वर्क्स व सिनेमा हॉल से पानी भरा गया। प्रत्येक गाड़ी ने पांच-पांच चक्कर लगाए। सुबह तक 20 चक्कर के बाद आग पर काबू पाया जा सका। शोरूम संचालक रानू गुप्ता का दावा है कि घटना में करीब दो करोड़ का नुकसान हुआ है।
हादसा शोरूम बंद होने के बाद हुआ जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। व्यापारी से स्टॉक की जानकारी कर नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना की वजह जानने के लिए जांच की जा रही है। इसके लिए शोरूम का दोबारा निरीक्षण किया जाएगा।-आरके वाजपेयी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी