फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Hathras News ›   Police team raid for accoused of Bus Robbery

बदमाशों की तलाश को टीमें गठित, ताबड़तोड़ दबिश

Mon, 29 Aug 2016 12:18 AM IST
ब्यूूूराे, अमर उजाला, हाथ्ारस
ब्यूूूराे, अमर उजाला, हाथ्ारस Updated Mon, 29 Aug 2016 12:18 AM IST
विज्ञापन
Police team raid for accoused of Bus Robbery
police SP inquary on the spot - फोटो : amar ujala
हाथरस। आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाइवे पर गांव चंदपा के निकट आगरा फोर्ट डिपो की रोडवेज बस में हुई लूटपाट की दुस्साहसिक घटना ने जिले के पुलिसिया तंत्र को हिलाकर रख दिया है। शनिवार रात से लेकर रविवार तक पुलिस अधिकारियों में इस घटना से खलबली मची रही। पुलिस अधिकारी ही नहीं, बल्कि पब्लिक को भी रह-रहकर यह सवाल परेशान कर रहा है कि आखिर अलीगढ़ से चंदपा तक के रास्ते में चेकिंग के कई प्वाइंट होने के बावजूद रोडवेज बस के लुटेरे पुलिस की नजर से आखिर बच कैसे गए।
विज्ञापन


कहीं न कहीं इस घटना ने हाइवे पर सुरक्षा इंतजामों को एक बार फिर कटघरे में खड़ा कर दिया है। पुलिस अधिकारी चेकिंग में लापरवाह पुलिस कर्मियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई करने की तैयारी कर रहे हैं। इधर, इस मामले में परिचालक ने रविवार को कोतवाली चंदपा में मुकदमा भी दर्ज करा दिया।पुलिस की मानें तो वारदात में शामिल कुछ लोकल बदमाशों को चिन्हित कर लिया गया है, जिन्हें पुलिस जल्द ही दबोचने का दावा कर रही है।
विज्ञापन


हाइवे पर रोडवेज बस लूट का यह दुस्साहसिक मामला प्रदेश पुलिस मुख्यालय तक पहुंच गया। डीजीपी ने बदमाशों का जल्द पता लगाने के निर्देश दिए हैं। वहीं चेकिंग में लापरवाह पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी भी की जा रही है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें बनाई गई हैं। इन टीमों की हाथरस के अलावा आसपास के जिलों में भी ताबड़तोड़ दबिशें जारी हैं। हाथरस के अलावा आसपास के सभी जिलों के शातिर गैंग भी पुलिस के रडार पर हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


राहजनी और रोड-होल्ड-अप जैसी वारदातों में शामिल रहे शातिर बदमाशों का रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है, जिसके आधार पर उन्हें चिहिन्त किया जा रहा है। भले ही पुलिस यात्रियों के साथ लूट की बात से इंकार कर रही हो, लेकिन यह सही है कि यात्रियों के लूटे गए मोबाइल फोन के जरिए भी बदमाशों की लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है। देर रात रेंज स्कीम लागू करके बदमाशों की तलाश में सघन कांबिंग भी शुरू करा दी गई थी।

गौरतलब है कि करीब सात हथियारबंद बदमाशों ने बस में सवार 35 यात्रियों से शनिवार की रात करीब सवा 10 बजे चंदपा थाने से आगे गांव केवलगढ़ी के पास बेखौफ होकर लूटपाट की थी। बदमाश यात्रियों से लाखों की नकदी, जेवर के अलावा मोबाइल फोन भी लूटकर ले गए थे। विरोध करने पर यात्रियों के साथ मारपीट भी की गई, जबकि चालक को तमंचे की बट मारकर अचेत कर दिया गया था। घटना के बाद यात्री गांव कछपुरा के निकट उतरकर भाग गए थे। घटना के बाद एसपी डॉ.अजयपाल, सीओ सादाबाद सुधीर त्यागी समेत कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई थी और यात्रियों के अलावा चालक-परिचालकों से पूछताछ की थी। काफी देर तक एसपी समेत आला अधिकारी मौके पर जमे रहे।

देर रात तक मची रही चीख-पुकार
घटना के बाद जैसे ही बस सादाबाद के बिनोवा नगर चौराहे पर रुकी तो बदहवास यात्री उसमें से उतरकर नीचे आ गए। पूरा माहौल यात्रियों के करुण-क्रंदन और चीख-पुकार से गूंज उठा। यात्रियों के चेहरों पर दहशत के भाव साफ दिखाई दे रहे थे। वह रो-रोकर पुलिस अधिकारियों और मीडिया को अपने साथ हुई घटना बता रहे थे। हालांकि कुछ यात्री घटना के बाद दूसरी बसों और अन्य साधनों से आगरा की तरफ रवाना हो गए थे।

परिचालक ने कहा, सिर्फ मेरे साथ हुई लूट
हाथरस। रोडवेज बस लूटकांड में चंदपा पुलिस ने रविवार को मुकदमा दर्ज कर लिया। परिचालक रामवीर पुत्र रतन सिंह निवासी शमसाबाद, थाना रिफाइनरी, मथुरा ने अपनी शिकायत में केवल खुद के साथ ही लूट की बात कही है। परिचालक ने कहा है कि बदमाशों ने उसके पास रखे 15 हजार रुपये, वे बिल और उसका मोबाइल फोन ही लूटा था। हालांकि शनिवार को मौके पर कई यात्रियों ने अपने साथ लाखों की लूट होने की बात कही थी। यात्रियों के साथ हुई लूट का कोई जिक्र रामवीर ने अपनी तहरीर में नहीं किया है, जिससे तहरीर पर सवाल खड़े होना लाजिमी है।

लूट में दर्ज किया मुकदमा
वहीं परिचालक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के विरुद्ध लूट की धारा 394 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। हालांकि शनिवार रात को हथियारबंद लुटेरों की संख्या सात से आठ बताई जा रही थी। इससे इस घटना को डकैती में दर्ज किया जाना था। हालांकि रामवीर ने अपनी तहरीर में लुटेरों की संख्या का जिक्र नहीं किया है, जिससे पुलिस को बड़ी राहत मिल गई और इस वारदात को लूट में दर्ज कर लिया गया।

बस में पहले से सवार नहीं थे बदमाश?
परिचालक रामवीर ने अपनी शिकायत में एक और चौंकाने वाली बात कही है। उसने कहा है कि बदमाश पहले से बस में सवार नहीं थे और चंदपा थाने से एक किलोमीटर आगे जाने पर जब बस खराब हो गई और वह ड्राइवर के साथ बस की खराबी देखने नीचे उतरे, तभी मौका पाकर बदमाश बस में चढ़ गए। इसके बाद उन्होंने ड्राइवर हरदम सिंह निवासी छटीकरा वृंदावन मथुरा को तमंचे की बट से घायल कर बस को अपने कब्जे में ले लिया। हालांकि शनिवार रात को परिचालक और चालक दोनों ने ही बदमाशों के अलीगढ़ और हाथरस से बस में सवार होने की बात कही थी।

एक माह में दूसरी वारदात से पुलिस को चुनौती
रोडवेज बस लूटकांड के बाद फिर सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़ा हो गया है। बुलंदशहर कांड के बाद प्रदेश भर में हाइवे पर सघन चेकिंग शुरू कराई गई थी। अब हाइवे तो दूर, बैरियरों पर भी चेकिंग के नाम पर खानापूरी की जा रही है, जिसका पूरा फायदा रोडवेज बस लूटने वाले बदमाशों ने उठाया। एक महीने के भीतर रोडवेज बस लूट की दूसरी वारदात कर बदमाशों ने पुलिस को चुनौती दी है। मालूम हो कि सिकंदराराऊ में पांच अगस्त को जीटी रोड पर रोडवेज बस को हाईजैक कर लूटपाट की गई थी। बदमाशों ने यह भी जता दिया है कि उनका हौसला किस कदर बुलंद है।

बदमाशों ने भेदे सुरक्षा के आठ द्वार
बदमाश बस में अलीगढ़ से सवार हुए थे और सुरक्षा के आठ द्वारों को भेदते हुए वह लूट करने में कामयाब रहे। बस में सवार बदमाश हनुमान चौकी, सासनी थाना, औद्योगिक एरिया पुलिस चौकी, थाना हाथरस गेट, तालाब चौराहा, सदर कोतवाली, आगरा रोड पुलिस चौकी, थाना चंदपा से होते केवलगढ़ी पहुंचे और लूटपाट को अंजाम दिया। शहर में हाथरस गेट थाने के बैरियर के अलावा तालाब चौराहा और थाना चंदपा तक के बैरियरों पर पुलिस की नजरों में नहीं आ सके, जबकि इनके पास हथियार भी मौजूद थे। अगर वाकई चेकिंग में सतर्कता बरती गई होती तो शायद यह बदमाश वारदात से पहले पुलिस के हाथ में होते और 35 यात्रियों का सामान लुटने से बच सकता था।


बयान-
इस वारदात में कुछ लोकल बदमाशों की संलिप्तता सामने आ रही है। इनमें से कुछ को चिन्हित कर लिया गया है। पुलिस की टीमें इनकी गिरफ्तारी की कोशिश में लगी हुई हैं। जल्द ही यह बदमाश हमारी पकड़ में होंगे और इस पूरी वारदात का खुलासा किया जाएगा।
-डॉ.अजयपाल, एसपी हाथरस
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed