बहन से प्यार करने पर बच्चे का अपहरण
हाथरस। चंदपा क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले एक लड़के की आंखें पहली पत्नी की मौत के बाद सदर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक लड़की से लड़ गईं। यह प्रेम संबंध उसे काफी महंगा साबित हुआ। बहन के लड़के के साथ लापता होने पर उसके भाई आरोपी लड़के के घर पहुंचे और परिजनों के साथ जमकर मारपीट की। आरोप है कि बहन के नहीं मिलने पर वह लड़के की पहली पत्नी से जन्मे उसके सात साल के बेटे का अपहरण कर अपने साथ ले गए।
वहीं युवती के वकील का कहना है कि प्रेमी युगल ने अपनी मर्जी से शादी की है। बीती पांच फरवरी को लड़की के आरोपी भाई गांव पहुंचे और उसके सात साल के सौतेले बेटे का अपहरण कर लिया। इस बच्चे से युवती को बेहद लगाव है। भाई युवती के प्रेम विवाह करने से बेहद खफा थे और उसके पति को सबक सिखाने उसके घर पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने युवती को भी जबरन खींचकर घर ले जाने की कोशिश की, विरोध करने पर सभी परिजनों के साथ जमकर मारपीट की और जाते हुए घर में मौजूद बच्चे को अपने साथ ले गए। इस संबंध में चंदपा पुलिस के सुनवाई नहीं करने पर दस फरवरी को महिला थाने को लिखित शिकायत की गई है। वहीं महिला थानाध्यक्ष सुधा सिंह का कहना है कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। अगर ऐसा कोई प्रार्थनापत्र आया है तो वह इसका पता कराएंगी। शिकायत होने पर आला अधिकारियों को बताकर उचित कार्रवाई की जाएगी।