हाथरस: अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा संपन्न, दून पब्लिक स्कूल में 114 परीक्षार्थियों ने किया प्रतिभाग
परीक्षा देकर बाहर निकले विद्यार्थियों ने प्रश्नपत्र को लेकर अपनी प्रतिक्रियाएं भी दीं। कुछ परीक्षार्थियों ने प्रश्नपत्र को अच्छा बताया, जबकि कुछ ने गणित के सवालों को थोड़ा कठिन बताया। विद्यार्थियों ने कहा कि परीक्षा में शामिल होकर उन्हें अपनी तैयारी का आकलन करने का अवसर मिला।
विस्तार
अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से रविवार को हाथरस के आगरा रोड स्थित दून पब्लिक स्कूल में अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा का आयोजन हुआ। परीक्षा में कक्षा नौ से 12वीं तक के 114 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। परीक्षा को लेकर छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। निर्धारित समय से पहले ही परीक्षार्थी केंद्र पर पहुंचने लगे। प्रवेश पत्र की जांच के बाद उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया।
परीक्षा में कक्षा नौ के पंजीकृत 56 परीक्षार्थियों में से 33 उपस्थित रहे। कक्षा 10 के 36 में से 16, 11वीं के 94 में से 49 और कक्षा 12 के 35 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 16 ने परीक्षा दी। इस तरह कुल 221 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 114 उपस्थित रहे। परीक्षा देकर बाहर निकले विद्यार्थियों ने प्रश्नपत्र को लेकर अपनी प्रतिक्रियाएं भी दीं। कुछ परीक्षार्थियों ने प्रश्नपत्र को अच्छा बताया, जबकि कुछ ने गणित के सवालों को थोड़ा कठिन बताया। विद्यार्थियों ने कहा कि परीक्षा में शामिल होकर उन्हें अपनी तैयारी का आकलन करने का अवसर मिला।
प्रधानाचार्य जेके अग्रवाल ने कहा कि अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा विद्यार्थियों के लिए लाभकारी है। इसके माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति मिलने से उनकी आगे की पढ़ाई में आर्थिक सहायता मिलेगी। परीक्षा के दौरान नैतिक राठौर, मेदनी कौशिक, पूनम सिंह, हर्ष वर्धन सिंह, सागर जोशी, शिवानी पाराशर, समीर आदि मौजूद रहे।
मेरी परीक्षा अच्छी हुई है। रीजनिंग के कुछ सवाल कठिन थे। यदि मुझे यह छात्रवृत्ति मिलती है तो यह मेरे लिए प्रसन्नता की बात होगी।- महिमा कुशवाह, कक्षा दस की छात्रा, निवासी ततारपुर।
मेरा प्रश्नपत्र अच्छा हुआ है। मुझे विश्वास है कि मैं इस परीक्षा में पास हो जाऊंगी। यदि मैं छात्रवृत्ति की कटऑफ पार कर लेती हूं तो आगे की पढ़ाई में और मेहनत करूंगी।- कुमकुम, कक्षा 12 की छात्रा, निवासी गांव ततारपुर।
गणित के कुछ सवाल हल करने में कठिनाई हुई। कुल मिलाकर परीक्षा अच्छी हुई है। मुझे भरोसा है कि मैं इस परीक्षा में पास हो जाऊंगा।- मोहित कुमार, कक्षा नौ का छात्र, निवासी सलेमपुर।
मेरी परीक्षा बहुत अच्छी हुई है। अंग्रेजी के कुछ प्रश्न हल करने में थोड़ी परेशानी आई थी। मुझे विश्वास है कि छात्रवृत्ति के लिए मेरा चयन हो जाएगा।- आदित्य, कक्षा 11 का छात्र, निवासी सहपऊ।