आईफोन डुओ: स्क्रीन टूटी तो लगेगा 1.92 लाख रुपये का झटका, खरीदने से पहले जाने लें कितना आएगा रिपेयरिंग का खर्च

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Sun, 18 Oct 2026 05:43 PM IST
सार

Apple iPhone Duo Repair Cost: Apple के फोल्डेबल फोन iPhone Duo की रिपेयरिंग खर्च ने सबको चौंका दिया है। इसकी दोनों स्क्रीन्स को रिपेयर कराने का खर्च 1,92,800 रुपये है, जो नए iPhone 18 Pro Max और Galaxy Z Fold8 की कीमत से भी ज्यादा है। अगर आप 3 लाख रुपये का यह फोन खरीदने का मन बना रहे हैं, तो इसके मरम्मत का यह भारी-भरकम खर्च आपको सोचने पर मजबूर कर देगा।

apple iphone duo display repair cost india applecare plus details
आईफोन डुओ - फोटो : एपल

    विस्तार

    Apple का पहला फोल्डेबल स्मार्टफोन, iPhone Duo भारत में प्री-ऑर्डर के लिए उपलब्ध हो गया है। 2,99,900 रुपये की शुरुआती कीमत के साथ यह फोन प्रीमियम स्मार्टफोन सेगमेंट में एक नया बेंचमार्क सेट कर रहा है। लेकिन, फोन खरीदने से पहले आपको इसके रिपेयरिंग कॉस्ट पर भी नजर डाल लेनी चाहिए। Apple ने iPhone Duo के अलग-अलग पार्ट्स की रिपेयरिंग के अनुमानित खर्च का खुलासा किया है, जिनके आंकड़े जानकर आपके होश उड़ जाएंगे।

    iPhone Duo का रिपेयरिंग कॉस्ट नए आईफोन 18 प्रो की कीमत से भी ज्यादा

    अगर आपके पास AppleCare+ का कवरेज नहीं है, तो iPhone Duo की स्क्रीन रिपेयरिंग का खर्च आपकी जेब पर बहुत भारी पड़ने वाला है। Apple की आधिकारिक सर्विस प्राइस लिस्ट के अनुसार, फोन के अंदर वाले फोल्डिंग डिस्प्ले को रिपेयर कराने का अनुमानित खर्च 1,49,900 रुपये है। वहीं, इसके बाहरी डिस्प्ले को ठीक कराने के लिए 42,900 रुपये चुकाने होंगे।

    अगर बदकिस्मती से फोन की दोनों स्क्रीन्स टूट जाती हैं, तो इन्हें अलग-अलग रिपेयर कराने का कुल खर्च 1,92,800 रुपये तक पहुंच सकता है। यह रकम एक नए iPhone 18 Pro Max (1,79,900 रुपये) और Samsung Galaxy Z Fold8 (1,79,999 रुपये) की कीमत से भी ज्यादा है।

    AppleCare+ से मिलेगी बड़ी राहत

    इतने भारी-भरकम रिपेयर कॉस्ट को देखते हुए, AppleCare+ लेना एक समझदारी भरा फैसला साबित हो सकता है। अगर आप यह कवरेज लेते हैं, तो रिपेयरिंग का खर्च काफी कम हो जाता है। AppleCare+ के साथ इनर डिस्प्ले की रिपेयरिंग केवल 8,900 रुपये में हो जाएगी। वहीं, आउटर डिस्प्ले को ठीक कराने के लिए सिर्फ 2,500 रुपये की मामूली सर्विस फीस देनी होगी।

    बैटरी, कैमरा और बैक ग्लास रिपेयरिंग का खर्च

    स्क्रीन्स के अलावा, फोन के अन्य पार्ट्स को ठीक कराने का खर्च भी कम नहीं है। बिना AppleCare+ के बैटरी सर्विस चार्ज 24,900 रुपये है। रियर कैमरे को रिपेयर कराने का खर्च 26,900 रुपये और बैक ग्लास (पीछे का शीशा) टूटने पर 20,900 रुपये देने होंगे। इसके कवर लेयर के डैमेज होने पर 5,900 रुपये का अनुमानित चार्ज बताया गया है।

    अगर फोन का आउटर डिस्प्ले और बैक ग्लास दोनों एक साथ डैमेज हो जाते हैं, तो कंपनी इसका कंबाइंड चार्ज 55,900 रुपये लेगी। सबसे चौंकाने वाला आंकड़ा 'अन्य डैमेज' (Other damage) कैटेगरी का है, जिसका अनुमानित खर्च 2,24,900 रुपये तक जा सकता है।

    वहीं, AppleCare+ कवरेज होने पर बैटरी रिप्लेसमेंट मुफ्त में हो जाएगी। बैक ग्लास रिपेयरिंग के लिए 2,500 रुपये और अन्य एक्सीडेंटल डैमेज के लिए मात्र 8,900 रुपये की फीस लगेगी।

    ये सभी आंकड़े Apple के सर्विस और कवरेज पेज पर दिए गए अनुमान हैं। असली बिल फोन के डैमेज असेसमेंट और कवरेज की शर्तों पर निर्भर करेगा। लगभग 3 लाख रुपये की कीमत वाले इस लग्जरी फोन को खरीदते समय ग्राहकों को इसके रिपेयरिंग कॉस्ट को जरूर ध्यान में रखना चाहिए। खासकर इनर फोल्डिंग डिस्प्ले की नाजुकता और उसे बदलने के भारी खर्च को देखते हुए, AppleCare+ प्लान लेना इस डिवाइस के लिए लगभग अनिवार्य सा हो जाता है।

    क्या है AppleCare+?

    एपल केयर प्लस (AppleCare+) एपल कंपनी द्वारा दी जाने वाली एक प्रीमियम एक्सटेंडेड वारंटी और टेक्निकल सपोर्ट योजना है। जब आप कोई नया Apple डिवाइस, जैसे iPhone, iPad, Mac, Apple Watch आदि खरीदते हैं, तो उसके साथ 1 साल की स्टैंडर्ड वारंटी और 90 दिनों का फ्री टेक्निकल सपोर्ट मिलता है। लेकिन, अगर आप अलग से AppleCare+ खरीदते हैं, तो आपको कई अतिरिक्त और बेहतरीन फायदे मिलते हैं।

    AppleCare+ के मुख्य फायदे इस प्रकार हैं:

    एक्सीडेंटल डैमेज प्रोटेक्शन:

    यह इसका सबसे बड़ा और अहम फायदा है। स्टैंडर्ड वारंटी में पानी से होने वाला नुकसान या फोन गिरने से स्क्रीन टूटना कवर नहीं होता। लेकिन AppleCare+ में एक्सीडेंटल डैमेज कवर होते हैं। हालांकि, रिपेयरिंग के लिए एक मामूली सर्विस फीस देनी होती है, जो बिना AppleCare+ के लगने वाले लाखों-हजारों के खर्च से बहुत कम होती है।

    लंबी वारंटी अवधि:

    यह आपके डिवाइस की वारंटी को 1 साल से बढ़ाकर 2 साल (और Mac कंप्यूटर्स के मामले में 3 साल) तक कर देता है।

    फ्री बैटरी रिप्लेसमेंट:

    अगर AppleCare+ कवरेज के दौरान आपके डिवाइस की बैटरी अपनी ओरिजिनल क्षमता (Original Capacity) के 80% से कम हो जाती है, तो एपल इसे बिल्कुल मुफ्त में बदल देता है।

    24/7 प्रायोरिटी सपोर्ट:

    आपको सॉफ्टवेयर (iOS, macOS, iCloud आदि) या हार्डवेयर से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए ऐपल के एक्सपर्ट्स से चैट या कॉल के जरिए 24/7 प्राथमिकता के आधार पर मदद मिलती है।

    एक्सप्रेस रिप्लेसमेंट सर्विस:

    कुछ देशों में और खास मामलों में, एपल आपका फोन रिपेयर होने का इंतजार किए बिना आपको रिप्लेसमेंट डिवाइस (उसी मॉडल का दूसरा फोन) पहले भेज देता है, ताकि आपका काम न रुके।

    और पढ़ें...
    Login or Signup
    अपना शहर चुनें