{"_id":"7-10228","slug":"Hathras-10228-7","type":"story","status":"publish","title_hn":"शहर में आगरा रोड पर बनेगा एक और बिजलीघर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
शहर में आगरा रोड पर बनेगा एक और बिजलीघर
Hathras
Updated Sat, 24 Nov 2012 12:00 PM IST
विज्ञापन
हाथरस। उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन ने शहर की बिजली सप्लाई को और बेहतर बनाने की पहल की है। यूपीपीसीएल ने शहर में एक और 33 केवी का नया बिजलीघर बनाने की मंजूरी दे दी है। बिजली महकमे की योजना नए बिजलीघर को आगरा रोड पर बनाने की है। लिहाजा इसके लिए जमीन की तलाश भी तेज कर दी गई है। उम्मीद है कि इसी महीने में बिजलीघर के लिए जमीन फाइनल हो जाएगी, जिसके बाद अगले महीने से इस पर काम शुरू हो जाने की उम्मीद है। अहियापुर इलाके में एक जमीन को अधिकारियों ने सब स्टेशन के लिए पसंद भी कर लिया है। अधीक्षण अभियंता व अधिशासी अभियंता ने इसका मुआयना भी कर लिया है, लेकिन अभी इसे फाइनल नहीं किया गया है। फाइनल होते ही इसे विभाग के नाम ट्रांसफर कराने की कोशिश की जाएगी। नया बिजलीघर बनने से शहर के आगरा रोड साइड के इलाकों की बिजली सप्लाई और बेहतर होने की उम्मीद है। गौरतलब है शहर के अलीगढ़ रोड साइड के इलाकों के लिए रमनपुर में मंडी समिति के नाम से एक और बिजलीघर निर्माणाधीन है। इस तरह अगले छह महीने के भीतर शहर में दो नए बिजलीघर बनकर तैयार हो जाएंगे, जिसके बाद शहर में ओवरलोडिंग की समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी। दरअसल, शासन ने शहर के लिए नए बिजलीघर को मंजूरी फीडर सैपरेशन योजना के तहत दी है, जिसमें ग्रामीण इलाकों की बिजली को पूरी तरह शहरी बिजलीघरों और फीडरों से अलग किया जाना है। पिछले दिनों शासन स्तर पर इनर्जी टास्क फोर्स की बैठक में भी हाथरस में नया बिजलीघर बनाने पर सहमति हो चुकी है, जिसके बाद यूपीपीसीएल के सीएमडी की तरफ से इसके लिए जमीन तलाशने का आदेश भी बिजली अधिकारियों को मिल गया है। अधिकारियों की पहली प्राथमिकता आगरा रोड पर ही नया बिजलीघर बनाने की है, क्योंकि अब शहर में ग्रामीण क्षेत्र का लोड केवल आगरा रोड के 33 केवी गिजरौली बिजलीघर पर ही रह जाएगा। गिजरौली से चूंकि ज्यादातर ग्रामीण फीडर ही चल रहे हैं, इसलिए नया बिजलीघर बनने के बाद गिजरौली से शहर के दोनों फीडरों का लोड पूरी तरह हटा लिया जाएगा और इन्हें नए बिजलीघर से जोड़ दिया जाएगा। शहर के रमनपुर में मंडी समिति के नाम से बन रहा 33 केवी बिजलीघर भी लगभग पूरा होने को है। बिजलीघर पर सिविल वर्क यानि निर्माण का काम लगभग पूरा हो चुका है। अब विद्युत कार्यखंड शाखा यहां कंट्रोल रूम आदि बनाने का काम शुरू करेगी। उम्मीद है कि नए साल में यह बिजलीघर चालू हो जाएगी।
विज्ञापन