{"_id":"6a93d82ef7b0fe1d630daf63","slug":"1700-rupees-deducted-from-ayushman-card-of-dog-bite-patients-2026-08-30","type":"story","status":"publish","title_hn":"हाथरस जिला अस्पताल: कुत्ता काटने के मरीजों के आयुष्मान कार्ड से कटे 1700 रुपये, सीडीओ बिफरे, रिपोर्ट की तलब","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हाथरस जिला अस्पताल: कुत्ता काटने के मरीजों के आयुष्मान कार्ड से कटे 1700 रुपये, सीडीओ बिफरे, रिपोर्ट की तलब
Sun, 30 Aug 2026 12:45 PM IST
Chaman Kumar Sharma
अमर उजाला नेटवर्क, हाथरस
अमर उजाला नेटवर्क, हाथरस
Published by: Chaman Kumar Sharma
Updated Sun, 30 Aug 2026 12:45 PM IST
सार
आयुष्मान केंद्र पर एंटी रैबीज के मरीजों के कार्ड से 1700 रुपये काटे जाने का मामला सामने आया है। इसमें से 219 रुपये निजी संस्था को जा रहे थे। जबकि एंटी रैबीज के मरीजों को भर्ती नहीं किया जाता है।
विज्ञापन
आयुष्मान कार्ड प्रतीकात्मक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
विस्तार
हाथरस के बागला जिला संयुक्त चिकित्सालय में शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) पीएन दीक्षित के औचक निरीक्षण में इलाज और व्यवस्थाओं से जुड़ी कई खामियां सामने आईं। आयुष्मान केंद्र पर कुत्ता काटने के मरीजों के कार्ड से 1700 रुपये काटे जाने का मामला मिला। वहीं, अस्पताल की सीटी स्कैन मशीन खराब मिली। नाक-कान और गला (ईएनटी) विभाग की ओपीडी में डॉक्टर की जगह फार्मासिस्ट मरीज देखते मिले, जबकि वरिष्ठ नागरिक सामान्य कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते मिले।
विज्ञापन
कुत्ता काटने के मरीजों के कार्ड से काटे रुपये
सीडीओ ने बताया कि आयुष्मान केंद्र पर एंटी रैबीज के मरीजों के कार्ड से 1700 रुपये काटे जाने का मामला सामने आया है। इसमें से 219 रुपये निजी संस्था को जा रहे थे। जबकि एंटी रैबीज के मरीजों को भर्ती नहीं किया जाता है। निरीक्षण के दौरान कर्मचारी आयुष्मान मित्र पोर्टल से पिछले दो महीने का ब्योरा भी उपलब्ध नहीं करा सके। सीडीओ ने मामले की अलग से रिपोर्ट तलब की है।
विज्ञापन
सीटी स्कैन मशीन खराब, पर्ची पर ही होगी जांच
निरीक्षण में अस्पताल की सीटी स्कैन मशीन भी खराब मिली। सीडीओ ने निर्देश दिए कि सीटी स्कैन की जांच अब केवल डॉक्टर या सीएमएस की मुहर और हस्ताक्षर वाली पर्ची पर ही की जाएगी। इससे बिना अधिकृत सलाह के जांच कराने की स्थिति पर रोक लगाई जा सकेगी।
विज्ञापन
बाल रोग ओपीडी में 62 मरीज
स्वाइन फ्लू के खतरे को देखते हुए सीडीओ ने बाल रोग ओपीडी का भी निरीक्षण किया। यहां 62 मरीज देखे गए। इनमें अधिकांश वायरल से पीड़ित थे। इसके अलावा अस्पताल परिसर में संचालित होम्योपैथिक और आयुर्वेदिक विभागों के बरामदों में भी अव्यवस्था मिली। यहां गंदगी के साथ दवाओं के कार्टन अस्त-व्यस्त पड़े थे और पर्याप्त रोशनी भी नहीं थी। सीडीओ ने सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।