हरदोई। पर्यावरण की महत्ता को समझते हुए एक नर्सरी संचालक ने सावन भर तुलसी व बेल के पौधों का नि:शुल्क वितरण करने का संकल्प लिया है। औषधीय पौधों का वितरण कर वह इनके गुणों को भी बताकर लोगों के बीच हरियाली का संदेश दे रहे हैं।
30 साल के विपिन कलक्ट्रेट गेट से कुछ ही दूरी पर नर्सरी को संचालित कर रहे हैं। वह बताते हैं कि हरियाली के प्रति उनका रुझान बचपन से है। जिसके चलते घरों व बाग आदि में समय-समय पर पौधरोपण करते ही रहे। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में काम कर रही संकल्प 1000 से वह काफी हद तक प्रभावित हुए और उन्होंने भी कुछ ऐसा करने को सोचा जिससे उनके मन को तसल्ली हो। इसलिए सावन मास में उन्होंने औषधीय पौधों, तुलसी, बेलपत्र, गिलोई, बेल आदि के पौधों का नि:शुल्क वितरण करना शुरू किया। उन्होंने बताया कि भगवान शिव को बेल कब पौधा प्रिय होता है, बेल एक औषधीय पौधा भी है जिसका फल तथा पत्तियां अनेकों रोगों में हितकारी होती है। वो तुलसी और गिलोय की कलम भी नि:शुल्क वितरित कर रहे है रोज अनेकों लोग तुलसी का पौधा नर्सरी से प्राप्त करते है।