शाहाबाद। एसपी अनुराग वत्स ने सोमवार को शाहाबाद कोतवाली का वार्षिक निरीक्षण किया। उन्होंने महिला हेल्प डेस्क के रजिस्टर का अवलोकन किया और महिला सिपाही से जानकारी ली। लगभग चार घंटे तक चले निरीक्षण के दौरान एसपी को कुछ खामियां भी मिलीं हैं। विभागीय सूत्रों के मुताबिक कुछ पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई भी हो सकती है।
एसपी अनुराग वत्स ने कोतवाली के सभी पटलों का जायजा लिया। कंप्यूटर कक्ष में उन्होंने ऑनलाइन एफआईआर की व्यवस्था परखी। अपराध रजिस्टर, शस्त्रागार, महिला अपराध रजिस्टर, थाना समाधान दिवस रजिस्टर, आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण आदि का भी जायजा लिया।
लंबित विवेचनाओं के बारे में कोतवाल शिवशंकर सिंह से जानकारी ली। कोतवाली में उपलब्ध संसाधनों के बारे में भी एसपी ने विस्तृत जानकारी ली। निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत में एसपी ने बताया कि कुछ अभिलेखों में खामियां मिलीं हैं। अलग-अलग बिंदुओं पर विभागीय जांच कराई जाएगी और इसके बाद कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान सीओ राकेश वशिष्ठ भी मौजूद रहे।