हरदोई। त्योहारों पर शहर में बढ़ी चहलपहल से फिर जाम की समस्या हो गई है। चौराहों पर से गुजरना मुश्किल है। सोमवार दोपहर शहर के सोल्जर बोर्ड सहित कई प्रमुख चौराहे जाम से जूझते नजर आए।
सोल्जर बोर्ड चौराहे, अस्पताल तिराहा, सिनेमा चौराहे, नुमाइश चौराहे, बड़ा चौराहे पर सोमवार दोपहर पैर रखने तक की जगह नहीं दिखी। जाम में फंसे दोपहिया व चौपहिया वाहन सवार बेबस नजर आए।
सोल्जर बोर्ड चौराहे पर लगे जाम को खुलवाने के लिए यातायात पुलिस को एक घंटे तक जूझना पड़ा। जिसके बाद जाम खुल सका। कुछ ऐसी ही दशा नुमाइश चौराहा सहित कई चौराहों पर देखने को मिली। बच्चे और वृद्ध परेशान रहे। यातायात निरीक्षक कमलेश कुमार का कहना है कि त्योहार को लेकर भीड़ अब सड़कों पर दिखने लगी है। सोमवार को सड़कों पर अपेक्षाकृत वाहन अधिक रहते हैं। व्यवस्था को सुचारु रखने के प्रयास जारी हैं।