शाहाबाद। जिलाधिकारी पुलकित खरे ने सोमवार को नेहरू म्यूनिसिपल कन्या इंटर कालेज में संचालित सामुदायिक रसोई का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खाने की गुणवत्ता भी परखी। निर्देश दिए कि सामुदायिक रसोई से किसी के लिए भी लंच पैकेट बनाकर न भेजें, जो भी जरूरतमंद है वह रसोई में आकर ही भोजन करेगा।
सोमवार की दोपहर शाहाबाद पहुंचे डीएम पुलकित खरे ने सामुदायिक रसोई पहुंचे, कहा कि हर जरूरतमंद को खाना खिलाया जाए। परिसर में ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए खाना परोसे जाने के निर्देश दिए। डीएम ने महुआ टोला में बने क्वारंटीन सेंटर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीएम अतुल प्रकाश श्रीवास्तव को निर्देश दिए कि बाजार खुलने पर भी सोशल डिस्टेसिंग का पालन सख्ती से कराएं। मास्क या गमछा के लिए लोगों को प्रेरित करें और न मानने पर कार्यवाही करें। क्वारंटीन सेंटर में उन्होंने लोगों को राशन किट का वितरण किया और निर्देश दिए कि अगले 14 दिन तक भी अपने घरों में क्वारंटीन रहें। इस मौके पर सीडीओ निधी गुप्ता वत्स, अधिशासी अधिकारी विमलापति, कोतवाल महेश चंद्र पांडेय आदि मौजूद रहे।