{"_id":"57619b504f1c1b4a2511c8b1","slug":"farmers-around-roused-extinguished-the-thirst-of-farms","type":"story","status":"publish","title_hn":"किसानों में जगी आस, बुझेगी खेतों की प्यास","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
किसानों में जगी आस, बुझेगी खेतों की प्यास
अमर उजाला ब्यूरो/हरदोई
Updated Wed, 15 Jun 2016 11:45 PM IST
विज्ञापन
रजबहा
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पाली। बरवन-सवायजपुर रजबहा की सफाई शुरू होने से किसानों में 30 साल बाद नहर में पानी आने की आस बढ़ गई है। किसानों को उम्मीद है कि खरीफ सीजन में खेतों की प्यास बुझ जाएगी। नहर में पानी आने से करीब चार हजार हेक्टेयर भूमि की फिर से सिंचाई हो सकेगी। शारदा नहर से पानी छोड़े जाने के बावजूद रजबहा के ब्लाकेज खोलने का काम धीमा होने से किसानों में कुछ गुस्सा जरूर है। अधिकारी पानी आने से पहले सभी ब्लाकेज खुलवाने और अतिक्रमण हटवाने का दावा कर रहे हैं।
विज्ञापन
34 किलोमीटर लंबे बरवन-सवायजपुर रजबहा से 50 गांवों की करीब चार हजार हेक्टेयर भूमि की सिंचाई होती थी। धीरे धीरे अतिक्रमण होने से नहर में पानी आना बिल्कुल बंद हो गया था। जिला पंचायत सदस्य विमल मिश्रा ने जिला योजना समिति में नहर की सफाई का मुद्दा उठाया था। इसके अलावा छेरिया गांव के राजेंद्र प्रसाद द्विवेदी ने आमरण अनशन शुरू कर दिया है। उनका कहना है कि नहर में पानी आने पर ही जलग्रहण करेंगे।
विज्ञापन
एमएलसी अशोक वाजपेयी ने भी विभागीय एक्सईएन को चिट्ठी लिखी थी। इसके बाद अतिक्रमण हटाने और ब्लाकेज खोलने का काम शुरू कर दिया गया। इससे किसानों में खुशी देखी जा रही है। उम्मीद जताई कि इस बार खरीफ में नहर से फसलों की सिंचाई कर सकेंगे। बाबरपुर गांव के सत्यस्वरूप, सुल्तानपुर के विनोद सिंह और प्रकाश दीक्षित ने बताया कि नहर में पानी आने से किसानों की किस्मत संवर जाएगी। युवाओं को खेतों में काम मिलने से पलायन भी रुकेगा। जब नहर में पानी आता था तब जायद में भी मूंगफली, मक्का और गन्ने की फसल लहलहाती थी। पशुओं के लिए गर्मियों में भी हरा चारा मिल जाता था लेकिन 30 साल से नहर में पानी न आने से किसानों की कमर टूट गई है।
विज्ञापन
धीमा काम कर रहे अफसर
विभागीय अधिकारियों की सुस्ती से नहर के ब्लाकेज हटाने का काम बहुत ही धीमा चल रहा है। 30 किलोमीटर नहर में अभी तक केवल 10 किलोमीटर में ही ब्लाकेज हटाए गए हैं। शारदा नहर की रजबहा की ओर पानी चल चुका है लेकिन अभी तक 20 किलोमीटर ब्लाकेज हटाए जाने हैं। अधिकारियों की इस सुस्ती से किसानों में गुस्सा भी देखा जा रहा है। जेई वीपी सिंह का दावा है कि जिले की सीमा में पानी आने से पहले सभी ब्लाकेज खोल दिए जाएंगे। टेल तक हर हाल में पानी पहुंचाया जाएगा।
वर्जन
पानी अभी जिले की सीमा से 25 किमी दूर है। रजबहा में पानी आने का इंतजार है। अगर कहीं कोई दिक्कत है तो उसे भी जल्द दूर करा दिया जाएगा। नहर में अतिक्रमण करने वालों और ब्लॉकेज करने वालों को नोटिस जारी किए जाएंगे। टेल तक पानी पहुंचने तक मैं खुद नजर रखूंगा। - चंद्रशेखर गुप्ता एई, नहर विभाग