Hardoi: शादी का झांसा देकर बनाता रहा शारीरिक संबंध, वेतन और प्लॉट का दिया था लालच, डॉक्टर सहित चार पर रिपोर्ट
कोतवाली क्षेत्र में डॉक्टर के द्वारा युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता ने दो लाख रुपये भी लेने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर पर कोयलबाग कॉलोनी के एक चिकित्सक सहित चार पर एफआईआर दर्ज की है।
विस्तार
हरदोई जिले से सटे एक मोहल्ला की युवती ने कोयल बाग कॉलोनी निवासी एक चिकित्सक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और दो लाख रुपये लेने का मुकदमा दर्ज कराया है। कोतवाली पुलिस ने चिकित्सक सहित चार लोगों पर एफआईआर दर्ज की है।
एक मोहल्ला निवासी युवती ने मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें बताया गया है कि वह नर्सिंग का कोर्स कर रही है। उसकी तबीयत बिगड़ गई, तो वह चिकित्सालय दवा लेने गई थी। वहां पर डॉ. उमेश से मुलाकात हुई। उन्होंने इलाज शुरू किया।
युवती का आरोप है कि मुलाकात गहरी होते ही डॉक्टर ने बताया कि उनकी पत्नी की मौत हो गई है और शादी की बात कही। शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने लगा। वेतन देने और प्लॉट खरीदने का लालच दिया। अब शादी के लिए कहने पर साफ मना कर दिया।
युवती का आरोप है कि आरोपी डॉक्टर ने जबरन संबंध बनाए और विरोध पर मारापीटा भी। आठ दिसंबर को कचहरी में बुलाया, लेकिन खुद नहीं आए। वह वर्तमान में टोडरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात हैं और उनका फोन स्विच ऑफ है।
पीड़िता ने बताया कि शिकायती पत्र देने पर डॉ. उमेश के भाई पप्पू, रिश्तेदार मास्टर सुशील और अंकित ने जान से मारने की धमकी दी है। शहर कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि उप निरीक्षक मुकुल कुमार दुबे को जांच सौंपी गई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।