शादी का झांसा देकर युवती को 30 हजार में बेचा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरदोई। कानपुर की युवती को शादी का झांसा देकर महिला ने तीस हजार में बेच दिया। आरोपी महिला हरपालपुर थाना क्षेत्र के बरनई गांव की है। 12 अगस्त को रोडवेज बस में युवती से मुलाकात हुई थी। आरोपी महिला बहला फुसलाकर युवती को अपने घर ले गई। युवती की जिस युवक से शादी करानी थी। उसके साथ भेज दिया और अगले दिन कोर्ट मैरिज के लिए कलक्ट्रेट बुलाया। जहां पर युवती को अपनी बेटी बताते हुए युवक पर उसे बहला फुसलाकर ले जाने का आरोप लगा दिया। युवती ने महिला के साथ जाने से इनकार करते हुए शोर मचा दिया। अपने को फंसता देख आरोपी महिला भाग गई। पीड़ित युवती ने शनिवार को महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कानपुर शहर के बिठूर निवासी युवती (20) पिछले कई महीने से गर्दन की हड्डी के दर्द से पीड़ित है। काफी इलाज के बाद भी उसको दर्द से राहत नहीं मिल रही थी। उसे जानकारी मिली थी कि हरिद्वार में एक स्थान पर जड़ी बूटी दी जाती है। 12 अगस्त को वह बिठूर से रोडवेज बस से हरिद्वार जाने के लिए निकली थी। उसे बस में हरपालपुर थाना क्षेत्र के बरनई निवासी रामरानी मिली। दोनों के बीच बातचीत हुई। रास्ते में रामरानी ने युवती को झांसे में ले लिया और फर्रुखाबाद में युवती के साथ बस से उतर गई। फर्रुखाबाद में ही युवती को बातों में फं साकर देर शाम तक रोके रखा। इसके बाद देर होने की बात कहकर रामरानी ने युवती को अपने घर चलने के लिए राजी कर लिया।
पीड़ित युवती के अनुसार रामरानी रोडवेज से हरपालपुर बस अड्डा पहुंची थी। इसके बाद ऑटो व कुछ दूर पैदल चलने के बाद उसे एक घर में ले गई थी। जहां पर दो दिन तक रखा और शादी कराने का झांसा दिया। 16 अगस्त को उसे सवायजपुर एक मंदिर में ले गई थी। जहां पर गुड्डू नाम के युवक से परिचय कराते हुए उसके साथ शादी तय करने की बात कही। युवक को गांव का निवासी बताया था। शादी के लिए राजी होने पर रामरानी ने उसे युवक के साथ यह कहते हुए भेज दिया। घर पहुंचकर युवक ने बताया कि दोनों की कोर्ट मैरिज होगी। इसके लिए रामरानी ने कलक्ट्रेट पहुंचने को कहा था। युवक ने यह भी बताया कि शादी कराने के नाम पर रामरानी ने उससे 30 हजार रुपये लिए हैं।
17 अगस्त को गुड्डू युवती के साथ कलक्ट्रेट पहुंचा। जहां पर रामरानी युवती को अपनी बेटी बताया। गुड्डू पर बेटी को बहला फुसला कर ले जाने का आरोप लगाते हुए जबरन साथ ले जाने का प्रयास करने लगी। मामले को समझते हुए युवती ने रामरानी के साथ जाने से इनकार करते हुए शोर मचाना चालू कर दिया। अपने को फंसता देख रामरानी भाग निकली। तब तक पुलिसकर्मी पहुंचे और युवती को महिला थाना ले गए थे । एसओ अनीता दुबे ने पूछताछ के बाद युवती की तहरीर पर शनिवार को रामरानी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मेडिकल जांच कराई। युवती ने रामरानी पर शादी का झांसा देकर ले जाने व बेचने का आरोप लगाया है। एसओ ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा। बताया कि युवती के परिजनों को सूचना दी गई है। परिजनों के पहुंचने पर युवती सुपुर्द कर दी जाएगी।