लग्जरी बस में पकड़ी तस्करी की शराब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पिहानी (हरदोई) थाना क्षेत्र के जेबीगंज मार्ग पर सोमवार की देर रात पुलिस ने एक लग्जरी बस से दूसरे प्रदेश से तस्करी कर लाई जा रही शराब की पेटियां बरामद की है। बस को कब्जे में लेने को लेकर थाना पुलिस और पड़ोसी जनपद लखीमपुर के थाना पसिगवां पुलिस के बीच काफी नोकझोंक हुई। मामला तूल पकड़ने पर पसिगवां पुलिस बस के चालक एवं परिचालक को साथ ले गई जब कि बस पिहानी पुलिस के कब्जे में है। थाना इंचार्ज परशुराम सिंह ने बताया कि बस से 29 पेटी शराब बरामद हो चुकी है। बस की डिग्गी का ताला खोलने की कोशिश की जा रही है।
लखीमपुर रूट से आ रही एक लग्जरी बस को पिहानी पुलिस ने चेकिंग के लिए जेबीगंज मार्ग पर जरौना गांव के पास रोेका। जांच पड़ताल की तो बस में यात्री तो नहीं मिले, मगर बड़े पैमाने पर शराब मिली। शराब की पेटियां बस की सीट के नीचे रखी गई थीं। यह शराब हरियाणा की बताई जा रही है। पुलिस सीटों के नीचे से पेटियां निकलवा रही थी। इसी दौरान लखीमपुर जनपद के पसिंगवा थाना पुलिस ने आकर मामले में हस्तक्षेप कर दिया।
पसिगवां पुलिस का कहना था कि यह बस उनके इलाके में एक्सीडेंट कर भागी है, इसलिए वह बस को साथ ले जाएंगी। पिहानी पुलिस ने यह कहकर बस देने से मना किया कि उनके क्षेत्र में बस के अंदर से तस्करी की शराब बरामद हुई है। इस बात को लेकर दोनों थानों की पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। अंत में पसिगवां थाना पुलिस बस के चालक और परिचालक को साथ ले गई। पिहानी पुलिस ने बस और बरामद शराब को कब्जे में ले लिया। पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार सिंह ने बताया कि दोनों जिलों की पुलिस के प्रयास से शराब पकड़ी गई है। उनके निर्देश पर चालक और परिचालक को पसिगवां पुलिस को सौंपा गया। बरामद शराब और बस की लिखापढ़ी भी लखीमपुर में होगी।