हरदोई। सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम सेमरा में रविवार देर शाम ससुरालियों ने विवाहिता की पिटाई कर उसे घर के बाहर फेंक दिया। मायके पक्ष ने उसे बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पिता ने थाने में तहरीर दी है, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर गोवा निवासी राजेंद्र ने बेटी प्रियंका (23) की शादी डेढ़ वर्ष पूर्व सुरसा थाना क्षेत्र के सेमरा चौराहा निवासी जगमोहन के साथ की है। राजेंद्र ने बताया कि ससुराल वाले दहेज में चौपहिया वाहन और नगदी मांग रहे थे। मांग पूरी न होने पर बेटी को आए दिन प्रताड़ित करने लगे। रविवार शाम ससुरालियों ने प्रियंका को लाठी-डंडे से पीट दिया। उसे बेहोशी की हालत में घर के बाहर फेंक दिया। पिता राजेंद्र मौके पर पहुंचे तो प्रियंका खून से लथपथ घर के बाहर सड़क पर पड़ी मिली। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने उसकी हालत नाजुक बताई है। एसओ सुरसा संतोष तिवारी ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।