सांडी। दस माह से लापता चल रहा युवक शनिवार सुबह घर पहुंच गया। उसके पिता ने तीन युवकों पर उसे गायब करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने युवक और दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। युवक ने हरियाणा में बंधुआ मजदूरी कराए जाने का आरोप लगाया है। एसओ राकेश आनंद ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
थाना क्षेत्र के ग्राम आदमपुर के सालिगराम ने पुलिस को तहरीर दी थी। बताया था कि गांव के ही तीन युवक दस माह पूर्व उसके बेटे सुशील को काम दिलाने के लिए दिल्ली ले गए थे। कुछ दिन बाद तीनों वापस आ गए लेकिन उसका बेटा नहीं लौटा था। सालिगराम ने तीनों युवकों के खिलाफ बेटे को मारपीट कर गायब करने का आरोप लगाया था। सीओ बिलग्राम पूरे मामले की जांच कर रहे थे। गुरुवार को सीओ ने पीड़ित पिता सालिगराम समेत आरोपियों के बयान दर्ज किए। शनिवार सुबह लापता सुशील घर वापस आ गया। पड़ोसियों से जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सुशील समेत दो आरोपियों को गांव से हिरासत में ले लिया। एसओ राकेश आनंद ने बताया कि सुशील का कहना है कि एक सरदार द्वारा उसे हरियाणा में बंधक बना मजदूरी कराई जा रही थी। गुरुवार को वह किसी तरह चकमा देकर वहां से भाग आया। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।