पिहानी। कोतवाली क्षेत्र में घर में पत्थर फेंकने के शक में दो पक्षों में लाठी डंडे चल गए। इसमें दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने आठ लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चांदपुर निवासी फौजे व भगवानदीन दोनों का आरोप है कि आए दिन उनके घरों में पत्थर फेंके जाते हैं। घर पर पत्थर फेंकने के मामले में दोनों ही एक दूसरे पर शक करते हैं। इस मामले को लेकर बुधवार को दोनों पक्षों में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष के लोग लाठी डंडे लेकर आ गए और जमकर लाठी डंडे चले। इससे भगवानदीन और फौजे घायल हो गए। भगवानदीन ने कोतवाली में दी गई तहरीर में गांव निवासी फौजे, लालाराम, मुकेश व विनीत पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। वहीं दूसरे पक्ष से फौजे ने तहरीर में भगवानदीन, हरिश्चंद्र, कटारी समेत चार लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है। कोतवाल राकेश यादव ने बताया कि दोनों पक्षों से मामला दर्ज कर लिया गया है।