टड़ियावां (हरदोई)। 26 दिन पूर्व कस्बा स्थित फर्नीचर व बर्तन की दुकान में हुई चोरी के मामले में तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने चोरी किए गए एटीएम से तीन बार में 38 हजार रुपये भी निकाले हैं। एसओ संत प्रसाद उपाध्याय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर पूरे मामले की जांच की जा रही है।
टड़ियावां के मजरा रसूलापुर निवासी सुधीर कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कस्बे में उसकी पाल फर्नीचर के नाम से फर्नीचर व बर्तन की दुकान है। दो जनवरी की रात चोर छत पर लगे जीने का गेट तोड़कर दुकान में घुस गए। चोर दुकान से पांच हजार रुपये की, एक प्रेशर कुकर, एक टिफिन, आधार व एटीएम कार्ड समेत अन्य सामान चुरा ले गए थे। एटीएम कार्ड से चोरों द्वारा खाते से रुपये भी निकाले गए, जिसकी सूचना वे बैंक में दे चुके हैं। बताया कि बैंक से स्टेटमेंट निकलवाने पर पता चला कि बदमाश अलग-अलग जगहों से उसके खाते से 38 हजार रुपये निकाल चुके हैं। संबंधित एटीएम बूथ पर लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपियों की फोटो भी मिली, लेकिन पहचान नहीं हो सकी है। एसओ संत प्रसाद उपाध्याय ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।