हरदोई। साली को ससुराल में छोड़कर लौट रहे युवक की बाइक में कस्बे में टैंकर ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम कुबेरपुर निवासी प्रदीप यादव (23) मंगलवार की शाम साली को छोड़ने माधौगंज के ग्राम रमजानीपुरवा स्थित ससुराल गया था। वहां से वापस आते समय कस्बे में सांडी रोड पर स्थित गेस्ट हाउस के पास सामने से आ रहे टैंकर ने उसे टक्कर मार दी। प्रदीप की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक कुछ दूरी पर दूध से भरा टैंकर छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पास मिले अभिलेखों से पहचान कर परिजनों को घटना की जानकारी दी। घटना की जानकारी मिलते ही बदहवास परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि प्रदीप दो भाइयों मेें बड़ा था। चार साल पहले ही उसकी शादी हुई थी, उसका 3 साल का एक बेटा है। सोमवार को उसके बेटे का मुंडन हुआ था। इसमें ससुराल पक्ष के लोग भी शामिल हुए थे। बताया कि मंगलवार को वह साली को छोड़ने ससुराल गया था, वहां से वापस आते वक्त हादसे का शिकार हो गया। कोतवाल सुनील कुमार सिंह ने बताया कि टैंकर को कब्जे में ले लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।