हरदोई। लखनऊ कारागार में बंद छोटा राजन गिरोह के शार्प शूटर खान मुबारक को कड़ी सुरक्षा के बीच शुक्रवार सुबह हरदोई जेल स्थानांतरित कर दिया गया। उस पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
हत्या, गैंगस्टर और फिरौती जैसे 15 गंभीर मामलों का आरोपी खान मुबारक पुत्र रजी आलम निवासी आंबेडकर नगर लखनऊ कारागार में बंद था। उस पर चल रहे मुकदमों की सुनवाई अलग-अलग न्यायालयों में हो रही है। शासन के निर्देश पर शुक्रवार सुबह उसे कड़ी सुरक्षा के बीच लखनऊ से हरदोई जेल स्थानांतरित कर दिया गया।
सूत्रों के अनुसार लखनऊ जेल से खान मुबारक को पहले सीतापुर जेल भेजे जाने की तैयारी की गई थी, लेकिन उसे हरदोई जेल भेज दिया गया। इसकी जानकारी जिम्मेदारों को देकर सुरक्षा के मजबूत इंतजाम रखने के निर्देश भी दिए गए थे। जेल अधीक्षक बृजेंद्र सिंह ने बताया कि एक बैरक में कुछ चुनिंदा बंदियों, कैदियों के साथ खान मुबारक को रखा गया है।