हरदोई। फर्म के माध्यम से पक्के बिल पर मैदा बेचने वाले भाजपा नेता व व्यापारी ने बकाया भुगतान न मिलने पर महाराष्ट्र के दो व्यापारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़ित व्यापारी ने नौ लाख 76 हजार 107 रुपये का भुगतान न करने का आरोप लगाया है।
शहर के एमजी मार्ग निवासी भाजपा नेता पारुल दीक्षित का श्री महाकालेश्वर रोलर फ्लोर मिल लखनऊ रोड पर सेंट जेम्स स्कूल के पास है। उन्होंने शहर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसमें बताया कि फ्लोर मिल के सात निदेशक हैं। फर्म के लेखाकार कुलदीप मिश्रा हैं। मिल से आटा, मैदा और रवा प्रदेश और प्रदेश के बाहर बेचा जाता है। महाराष्ट्र राज्य के मुंबई के बसई विरार पालघर के इंडस्ट्रियल स्टेट पारबाडी बसई ईस्ट निवासी व्यापारी शब्बीर अहमद और नईम अहमद ने उनकी मिल से मैदा खरीदा था। दोनों व्यापारी आकाश एग्रो ट्रेडिंग कंपनी चलाते हैं। इसी फर्म को 12 फरवरी 2024 को 600 बोरी मैदा 8,31,000 रुपये और 22 मार्च 2024 को 600 बोरी मैदा 7,75,500 रुपये का बेचा गया। एडवांस भाड़ा और टीसीएस 19,607 रुपये समेत कुल 16,26,107 रुपये का मैदा बेचा गया। फर्म मालिक से 15 दिन के अंदर भुगतान की बात सुनिश्चित की गई थी। इस पर 19 अप्रैल 2024 को 4,00,000 रुपये फिर 2,50,000 रुपये बैंक के माध्यम से प्राप्त किया। कुल 6,50,000 रुपये भुगतान किया गया। बाकी 9,76,107 रुपये का भुगतान कई बार आरोपियों से मांगा गया, लेकिन आरोपियों ने भुगतान नहीं किया। अब बार-बार मांगने पर दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि दोनों आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।