Hardoi Accident: बाइक की टक्कर से गिरा स्कूटी सवार, बस से कुचलकर हुई मौत, परिजनों में मची चीख-पुकार
हरदोई जिले में पिहानी चुंगी के निकट शाहजहांपुर रोड पर एक पेट्रोल पंप के पास स्कूटी सवार युवक को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में वह सड़क पर गिर गया। इस दौरान पीछे आ रही निजी बस ने उसे कुचल दिया। हादसे में उसकी मौत हो गई। घटना से परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
कोतवाली शहर के मोहल्ला बैटगंज निवासी रिटायर फौजी कृष्ण पाल सिंह का पुत्र शोभित सिंह (25) गुरुवार शाम स्कूटी से पिहानी चुंगी की तरफ जा रहा था। इस दौरान एक पेट्रोल पंप के पास उसकी स्कूटी में बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इससे शोभित सड़क पर गिर गया।
जब तक वह संभल पाता, इससे पहले पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस उसे कुचलते हुए निकल गई। हादसे में स्कूटी सवार शोभित की मौके पर मौत हो गई। हादसा होते देख राहगीरों की चीख निकल पड़ी। कोई कुछ समझ पाता, इससे पहले चालक बस लेकर फरार हो गया। शोभित तीन भाइयों में बड़ा था। वह आईटीआई कर चुका था।
रह गई नौकरी की आस
लोगों ने बताया कि शोभित सिंह रेलवे में नौकरी की तैयारी कर रहा था। पिता फौजी होने के कारण उसे कोटे में वरीयता मिलने की बात थी। घर में इस बात को लेकर खुशी का माहौल था। इसी चक्कर में अभी शादी भी नहीं की थी।
घर पर लगी लोगों की भीड़
पुत्र की मौत को लेकर परिजनों का रो-रोकर हाल खराब है। वही लोगों की माने शोभित बहुत ही मिलन सार था। उसकी मौत का समाचार जैसे ही लोगों को मिला। उसके घर के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई।