हरदोई। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 240 लड़कियों के इस बार तहसील मुख्यालयों पर हाथ पीले होंगे। प्रशासन ने कार्यक्रम आयोजन को फाइनल करते हुए बीडीओ को जिम्मेदारी सौंपी है। 27 और 28 सितंबर को तहसील स्तर पर विवाह कराए जाएंगे।
समाज कल्याण विभाग के माध्यम से संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में चालू वित्तीय वर्ष का पहला आयोजन होगा। जिलाधिकारी अनुनय झा ने बताया कि प्रत्येक तहसील मुख्यालय पर करीब 60-60 जोड़ों का विवाह सामूहिक विवाह योजना के तहत कराया जाएगा। इसके के लिए संडीला, बिलग्राम, भरखनी और शाहाबाद के बीडीओ को आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संबंधित तहसील क्षेत्र के बीडीओ और अधिशासी अधिकारी समन्वय बनाकर जोड़ों की संख्या के अनुसार कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाएंगे।
बताया कि 27 सितंबर को तहसील संडीला में मीतू स्टेडियम और बिलग्राम के बीजीआर इंटर कॉलेज और 28 सितंबर को सवायजपुर के खमरिया स्टेडियम और शाहाबाद में ब्लॉक कार्यालय में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन होगा। जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाकांत ने बताया कि प्रत्येक तहसील के लिए 60-60 पात्र जोड़ों को चिह्नित किया गया है। जोड़ों को दी जाने वाली सामग्री की भी आपूर्ति प्राप्त की जा रही है, ताकि समारोह में ही वितरण कराया जा सके।