दरिंदगी की हदें पार: चार साल की बच्ची के साथ युवक ने किया दुष्कर्म, दरिंदे ने मां को भी नहीं बख्शा
बच्ची ने बताया कि आरोपी ने उसके साथ गलत काम किया। इसी दौरान आरोपी युवक ने किसी से भी शिकायत करने पर उसे आश्रम से निकालवाने और परिवार समेत जान से मारने की धमकी दी। जिस कारण वह बुरी तरह डर गई थी।
विस्तार
यूपी के गंगानगरी (ब्रजघाट) की धर्मशाला में शर्मनाक घटना सामने आई है। आठ दिन पहले चार साल की बच्ची के साथ युवक ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। वहीं, बच्ची की मां को भी जान से मारने की धमकी दी है। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
बदहवास मिली बेटी
गंगानगरी के आश्रम में रहने वाली महिला ने कोतवाली में तहरीर दी है। पीड़िता ने बताया कि आठ मार्च की शाम उसकी चार वर्ष की बेटी घर के बाहर खेल रही थी। वह बेटी को घर ले जाने के लिए बाहर आई, तो वह वहां पर नहीं मिली। तलाश करने के दौरान पड़ोस में रहने वाली महिला ने बताया कि पास ही में रहने वाला युवक टॉफी दिलाने के लिए उसकी बेटी को अपने साथ ले गया है। जिसके बाद वह बेटी को तलाश करते हुए युवक के कमरे पर पहुंच गई। जहां उसकी बेटी बदहवासी की हालत में मिली।
दवा लेने की बात कहकर पहुंची थाने
बच्ची ने बताया कि आरोपी ने उसके साथ गलत काम किया। इसी दौरान आरोपी युवक ने किसी से भी शिकायत करने पर उसे आश्रम से निकालवाने और परिवार समेत जान से मारने की धमकी दी। जिस कारण वह बुरी तरह डर गई थी। पीड़िता का कहना है रविवार को वह दवा लेने के बहाने घर से निकली और कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी।
हिरासत में आरोपी
पीड़िता की तहरीर पर बीएनएस की धारा 65(2), 351(3), दुष्कर्म, जान से मारने की धमकी देना और पाक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है।