35 लाख के कपड़ों से भरा कैंटर लूटा: कार सवार बदमाशों ने की वारदात, चालक समेत तीन को बंधक बनाकर की लूटपाट
सोमवार तड़के अर्टिगा सवार बदमाशों ने 35 लाख रुपये के कपड़ों से भरा कैंटर लूटा। उन्होंने चालक समेत तीन लोगों को बंधक बनाया। बदमाशों ने उन्हें अमरोहा के जंगल में फेंक दिया और फरार हो गए।
विस्तार
यूपी के हापुड़ जिले में सोमवार तड़के गढ़ कोतवाली क्षेत्र की ब्रजघाट पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव बलवापुर के पास अर्टिगा कार सवार बदमाशों ने कपड़ों से भरा कैंटर लूट लिया। बदमाशों ने चालक समेत तीन लोगों को कार में बंधक बना लिया और अमरोहा जनपद के हसनपुर क्षेत्र के जंगल में फेंककर फरार हो गए। लूटे गए ट्रक में करीब 35 लाख रुपये का कपड़ा भरा हुआ था।
अमरोहा के नौगांवा सादात निवासी कैंटर मालिक मोहम्मद अशरफ ने बताया कि सोमवार तड़के करीब तीन बजे उनका कैंटर दिल्ली के गांधी नगर से व्यापारियों का कपड़ा लेकर नौगांवा सादात जा रहा था। चालक शकील के साथ कामगार पप्पू और सौरभ भी मौजूद थे। टोल बचाने के लिए उसने ट्रक को लिंक मार्ग पर मोड़ दिया। लेकिन बलवापुर के पास पांच बदमाशों ने ओवरटेक कर ट्रक को रोक लिया और हथियारों के बल पर कैंटर को कब्जे में ले लिया।
इसके अलावा बदमाशों ने शकील से करीब पांच हजार रुपये और मोबाइल भी लूट लिए। इसके बाद बदमाशों ने ट्रक में सवार सभी लोगों को उतारकर हाथ पैर रस्सी से बांधकर अपनी कार में बिठा लिया। बदमाश सभी को अमरोहा के हसनपुर क्षेत्र में फेंककर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ितों ने किसी तरह खुद को जैसे तैसे बंधन मुक्त कर घटना की जानकारी कैंटर मालिक और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों में खलबली मच गई। एएसपी महेश कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेकर पीड़ितों से जानकारी जुटाई। उन्होंने घटनास्थल के आसपास की स्थिति, आने-जाने वाले मार्ग और वारदात के तरीके की पड़ताल की।