Hamirpur: सड़क किनारे मिला अज्ञात युवक का शव, नोच-खा रहे थे कुत्ते, सीसीटीवी खंगाल रही है पुलिस, जांच शुरू
Hamirpur News: कलौलीतीर गांव में राठ स्टेट हाईवे किनारे नहर पटरी पर बुधवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिला, जिसे आवारा कुत्ते नोच रहे थे। पुलिस को आशंका है कि यह दुर्घटना में मौत का मामला हो सकता है।
विस्तार
हमीरपुर जिले के सदर कोतवाली इलाके में राठ स्टेट हाईवे के कलौलीतीर गांव में बुधवार की सुबह सड़क के पास नहर पटरी किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने देखा कि शव पर आवारा कुत्तों का झुंड हमला कर उसे नोच-खा रहा था। ग्रामीणों ने कुत्तों को भगाकर पुलिस को सूचना दी।
सदर कोतवाली प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि सुबह करीब सात बजे ग्रामीणों ने शव मिलने की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। मृतक युवक लगभग 18 से 19 वर्षीय प्रतीत होता है। शव की स्थिति देखकर ऐसा लग रहा था कि यह दुर्घटना में हुई मौत हो सकती है।
कोई मोबाइल या पहचान पत्र नहीं मिला
शव के शरीर और कपड़े बुरी तरह क्षतिग्रस्त थे। हाथ और सीने पर घसीटने के निशान स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। प्रभारी ने कहा शव के पास कोई मोबाइल या पहचान पत्र नहीं मिला है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी चेक किए जा रहे हैं। मृतक की पहचान कराने और घटना के सही कारण का पता लगाने के लिए प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।